इंदौर के शिशुकुंज स्कूल में लंच के कुछ देर बाद ही बीमार पड़ने लगे बच्चे, अभिभावकों का हंगामा

इंदौर। शहर के झालरिया स्थित शिशुकुंज स्कूल में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब लंच के बाद करीब तीन दर्जन बच्चों की तबीयत अचानक बिगड़ गई। बच्चों को पेट दर्द, उल्टी और अन्य स्वास्थ्य संबंधी शिकायतें होने लगीं, जिसके बाद अभिभावकों में चिंता और नाराजगी फैल गई।

घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में अभिभावक स्कूल पहुंचे और स्कूल प्रबंधन के खिलाफ विरोध जताया। उनका आरोप है कि बच्चों की तबीयत स्कूल में दिए गए भोजन के बाद खराब हुई है, जबकि स्कूल प्रबंधन मामले को सामान्य बताने का प्रयास कर रहा है।
सूचना मिलने पर प्रशासनिक टीम भी स्कूल पहुंची और जांच शुरू कर दी। स्कूल के किचन, भोजन व्यवस्था और अन्य व्यवस्थाओं की जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
स्कूल की को-ऑर्डिनेटर रिचा तिवारी ने स्वीकार किया कि घटना के बाद बड़ी संख्या में अभिभावकों के फोन आए हैं। हालांकि उन्होंने स्कूल परिसर में किसी बड़ी समस्या से इनकार किया है।
वहीं अभिभावकों का कहना है कि मामले को गंभीरता से लिया जाना चाहिए और बच्चों की तबीयत बिगड़ने के वास्तविक कारणों का पता लगाया जाना चाहिए। फिलहाल प्रशासन प्रभावित बच्चों की स्थिति और संभावित कारणों की जांच में जुटा हुआ है









