Popup Image
Advertisement

मीटिंग में आने से पहले ही उजड़ गए 2 घर…

फाइनेंस मैनेजरों को क्रेन ने रौंदा

Advertisement

एयरपोर्ट रोड पर नावदापंथ ब्रिज के पास भीषण हादसा, झाबुआ से इंदौर आ रहे शाजापुर के रोहित और नौशाद की मौके पर थमी सांसें

अक्षरविश्व न्यूज इंदौर। सडक़ पर चंद मिनटों का ठहराव दो होनहार युवकों के लिए काल बन गया। झाबुआ से इंदौर कंपनी की मीटिंग में शामिल होने निकले दो फाइनेंस ब्रांच मैनेजरों को नावदापंथ ब्रिज के पास एक बेलगाम क्रेन ने बेरहमी से कुचल दिया। हादसे में दोनों की दर्दनाक मौत हो गई। पीछे छूट गए अपने ही साथियों का सडक़ किनारे खड़े होकर इंतजार करना दोनों युवकों की जिंदगी का आखिरी फैसला साबित हुआ।

Advertisement

हादसा एयरपोर्ट रोड स्थित नावदापंथ ब्रिज के पास रात करीब 9 बजे हुआ। निजी फाइनेंस कंपनी में पदस्थ रोहित मीणा (निवासी सुगांव, शाजापुर) और नौशाद (निवासी करई, शाजापुर) अपने दो अन्य साथियों के साथ अलग-अलग बाइकों पर सवार होकर झाबुआ से इंदौर आ रहे थे। रास्ते में जब पीछे वाली बाइक कुछ फासले पर छूट गई, तो रोहित और नौशाद ने अपनी बाइक सडक़ किनारे रोकी और साथियों के आने का इंतजार करने लगे। इसी बीच पीछे से आई तेज रफ्तार अनियंत्रित क्रेन ने दोनों को जोरदार टक्कर मारते हुए रौंद दिया।

पीछे आ रहे साथी जब तक मौके पर पहुंचते, तब तक दोनों खून से लथपथ होकर सडक़ पर तड़प रहे थे। साथियों ने राहगीरों की मदद से फौरन पुलिस को सूचना दी और दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। शनिवार को रोहित के शव का एमवाय अस्पताल और नौशाद के शव का जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया गया। हादसे की खबर मिलते ही कंपनी के सहकर्मी और परिजन अस्पताल पहुंचे, जहां मातम पसर गया। चंदन नगर पुलिस ने क्रेन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Advertisement

रोजी-रोटी की मशक्कत में दौड़ा मौत का करंट, युवक की गई जान

अक्षरविश्व न्यूज
इंदौर। पलासिया क्षेत्र में काम के दौरान अचानक बिजली के करंट की चपेट में आने से 25 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान मुशर्रफ पिता सिराज, निवासी जमजम चौराहा (खजराना) के रूप में हुई है। काम करते वक्त खतरनाक झटका लगने से वह मौके पर ही अचेत हो गया। साथी कर्मचारी उसे फौरन एमवाय अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पलासिया पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

सुगनी देवी कॉलेज के सामने बंद दुकानों के पास मिला युवती का शव… हत्या की है आशंका

अक्षरविश्व न्यूज इंदौर। रात के सन्नाटे में बंद दुकानों की ओट को हत्यारों ने लाश ठिकाने लगाने का ठिकाना बना लिया। परदेशीपुरा थाना क्षेत्र स्थित सुगनी देवी कॉलेज के सामने शुक्रवार रात करीब 11 बजे एक युवती का शव संदिग्ध हालत में मिलने से सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान भागीरथपुरा निवासी पिंकी के रूप में हुई है। शव पर गंभीर चोटों के निशान मिलने से आशंका जताई जा रही है कि युवती की हत्या कर लाश को यहां लाकर फेंका गया है। स्थानीय लोगों ने बंद दुकानों के पास युवती को लहूलुहान हालत में देख तुरंत पुलिस को खबर की। सूचना मिलते ही परदेशीपुरा थाना प्रभारी पंकज द्विवेदी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक युवती दम तोड़ चुकी थी। पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया।

कातिलों का सुराग तलाशने में खाकी
शुरुआती जांच में शरीर पर संघर्ष और चोट के निशान मिलने से मामला सीधे तौर पर हत्या का प्रतीत हो रहा है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि पिंकी घर से कब और किसके साथ निकली थी। पुलिस टीम घटनास्थल और आसपास के रास्तों के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है, ताकि संदिग्धों का सुराग मिल सके। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की सही वजह साफ होगी।

Related Articles

📢 पूरी खबर पढ़ने के लिए

बेहतर अनुभव के लिए ऐप का उपयोग करें

ऐप में पढ़ें
ऐप खोलें
ब्राउज़र में जारी रखें