4 घंटे के हंगामे के बाद इंटर्नशिप समाप्त प्रयोगशाला सहायक ने लिखा माफीनामा

स्कूल ऑफ एक्सीलेंस में इंटर्न के अपशब्द पर हंगामा, टीचर- छात्र में थप्पड़बाजी
अक्षरविश्व न्यूज:उज्जैन। बेहतर रिजल्ट देने के लिए पहचाने जाने वाले शास्त्रीनगर स्थित स्कूल ऑफ एक्सीलेंस में शनिवार को छात्र और प्रयोगशाला सहायक के बीच थप्पड़बाजी से जमकर हंगामा हुआ। करीब चार घंटे तक चले प्रदर्शन के बाद एक इंटर्न की इंटर्नशिप खत्म कर दी गई है। प्रयोगशाला सहायक से माफीनामा लिया गया। एबीवीपी ने डीईओ कार्यालय पर ज्ञापन भी दिया।
स्कूल ऑफ एक्सीलेंस में शनिवार की दोपहर करीब ३ बजे १२ वीं ऑटर्स की क्लास चल रही थी। मेडिकैप्स इंदौर की इंटर्न श्रुति जायसवाल विद्यार्थियों को अंग्रेजी पढ़ाने आई थीं। उनके क्लास में प्रवेश करते से ही बैंच की आवाजें आईं तो उन्हें गड़बड़ी का आभास हुआ। ऐसे में उन्होंने विद्यार्थियों से बहस की और एक विद्यार्थी सूरज से अंग्रेजी में इंट्रोडक्शन मांग लिया। वह ठीक से परिचय नहीं दे सका तो उसे क्लासरूम से बाहर कर दिया।
यह देखकर अन्य विद्यार्थी हूटिंग करने लगे।इस घटनाक्रम से श्रुति नाराज हो गईं और बाहर जाकर प्रयोगशाला सहायक रविश पांडे को ले आईं। पांडे ने लीडरशिप कर रहे एबीवीपी महानगर कार्यकारिणी सदस्य सांवरिया चौधरी को थप्पड़ जड़ दिया। आरोप है सांवरिया ने भी पांडे को थप्पड़ मारा। दोनेां गुत्मगुत्था हो गए।
बात इतनी बढ़ी कि विद्यार्थी क्लास से बाहर आ गए और हंगामा करने लगे। एबीवीपी पदाधिकारी भी स्कूल पहुंचे तो हंगामा और बढ़ गया। करीब चार घंटे तक चले हंगामे के दौरान अन्य क्लास भी प्रभावित हुई। स्कूल से एबीवीपी पदाधिकारी डीईओ कार्यालय पहुंचे और ज्ञापन दिया। सांवरिया ने बताया कि सर ने उसे थप्पड़ ही थप्पड़ मारे। बचाव में उसने सिर्फ धक्का दिया। थप्पड़ मारने का आरोप गलत है।
इंटर्न की इंटर्नशिप समाप्त कर दी है प्रयोगशाला सहायक ने माफीनामा दिया है
मेडिकैप्स इंदौर की श्रुति जायसवाल को इंटर्नशिप के लिए स्कूल ऑफ एक्सीलेंस भेजा गया था। वह क्लास ले रही थीं, इस दौरान कुछ विद्यार्थियों से उनकी बहस हुई। जायसवाल की मदद के लिए प्रयोगशाला सहायक रविश पांडे गए थे। उन्होंने विद्यार्थी सांवरिया चौधरी को चांटा मार दिया था। पलटकर सांवरिया ने भी उन्हें चांटा मार दिया था। इंटर्न श्रुति जायसवाल की इंटर्नशिप समाप्त कर दी गई है। प्रयोगशाला सहायक से माफीनामा लिखवाया है। पूरे मामले की जानकारी डीईओ कार्यालय भेजी गई है।-डॉ. विभा शर्मा, प्राचार्य स्कूल ऑफ एक्सीलेंस









