शराब तस्कर निकला वृद्धा से चेन स्नैचिंग की कोशिश करने वाला

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। मुखबिर की सूचना पर कोतवाली पुलिस ने शराब तस्कर को गिरफ्त में लिया है। उसके कब्जे से ५ लीटर कच्ची जहरीली शराब भी जब्त की गई है। जांच में पता चला कि तस्कर ने कुछ दिनों पहले नगर निगम के पीछे वृद्धा से चेन स्नैचिंग की कोशिश की थी लेकिन असफल रहने पर मारपीट कर फरार हो गया था।

पुलिस ने बताया कोयला फाटक क्षेत्र में सर्कल भ्रमण के दौरान शुक्रवार को सूचना मिली कि प्लास्टिक कैन में एक शख्स अवैध कच्ची शराब लेकर नगर निगम के पीछे बेचने के लिए आ रहा है। इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी की तो शख्स ने भागने की कोशिश की जिसे धरदबोचा गया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम मोहम्मद अरशद पिता शमशुद्दीन उर्फ रवि बन्ना (27) निवासी मौलाना आजाद मार्ग, हेलावाड़ी बताया। उसके कब्जे से केन में हाथ भट्टी से बनी 5 लीटर कच्ची जहरीली शराब जब्त कर आबकारी एक्ट में प्रकरण दर्ज किया गया।
पूछताछ में स्वीकार किया जुर्म
पूछताछ के दौरान आरोपी ने स्वीकार किया कि 16 दिसंबर को नगर निगम कार्यालय के पीछे दरगाह के पास पेंशन फॉर्म लेकर जा रही 80 वर्षीय रामीबाई गोयल निवासी फाजलपुरा के साथ चेन स्नैचिंग की कोशिश की थी लेकिन असफल रहने पर मारपीट कर पर्स छीन ले गया था जिसमें १०० रुपए थे। वृद्धा को इलाज के लिए चरक अस्पताल में भर्ती करवाया गया था।









