प्रेम विवाह : आधी रात को हमला कर बेटी को ले गए

अक्षरविश्व न्यूज:उज्जैन। प्रेम विवाह में लडक़ी को घर से भगाकर शादी करने के मामले में मंगलवार देर खूनी संघर्ष की स्थिति बन गई। लडक़ी के परिजनों ने आधी रात को हमला कर लडक़े के माता-पिता व भाई सहित ६ लोगों को घायल कर दिया और लडक़ी को साथ ले गए।

घटनाक्रम भैरवगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम नवेली का है। यहां रात करीब ३ बजे राजाराम के घर पर हमला हुआ है। जिसमें राजाराम, पत्नी सुगनबाई, बेटे लाड़सिंह, राहुल व दीपक तथा घर मेें मौजूद समधी प्रहलाद डाबी बुरी तरह घायल हुए हैं।
ाजाराम के मुताबिक घर पर हमला शाजापुर जिले के बेरछी (बेरछा के पास) के कालूसिंह, पत्नी मुन्नीबाई बेटे राहुल, उदय, अनारसिंह व करीब २० से अधिक लोगों ने किया था। यह सभी हथियारबंद लोग दो तूफान गाड़ी से रात करीब ३ बजे आए और अचानक हमला बोलकर सभी को घायल कर दिया। बाद में ये छोटे बेटे सौदाम की पत्नी अनिता (आरोपी कालूसिंह की बेटी) को जबरन अपने साथ ले गए। सभी घायलों को चरक अस्पताल में इलाज किया जा रहा है।
घर से भागकर शादी करने से थे नाराज
विवाद का कारण राजाराम के सबसे छोटे बेटे सौदाम (२३ वर्ष) और अनिता (२१ वर्ष) का प्रेम विवाह है। सौदाम बचपन से ही अपने मामा के घर बेरछी में रहता है। यहीं अनिता से उसकी दोस्ती बढ़ी। २१ मई को दोनों घर से भाग गए और २२ मई को कोर्ट में विवाह का आवेदन दिया। इसी बीच २३ मई को इन्होंने चिंतामन गणेश मंदिर पर विवाह कर लिया।
इसी बीच कालूराम की ओर से अनिता की गुमशुदगी किए जाने के कारण बेरछा थाने में दोनों को बुलाया गया। जहां दोनों ने शादी के डॉक्यूमेंट पेश कर दिए। अनिता ने भी बयान में सौदाम के साथ रहने की बात कही। इस पर पुलिस ने दोनों को जाने दिया। तभी से सौदाम पिता के घर नवेली रह रहा था। अनिता भी इनके साथ थी।









