फ्रीगंज में फोरलेन ब्रिज के लिए बंद होगी मक्सी रोड ब्रांच

दीपावली बाद पीडब्ल्यूडी लेगा निर्णय, पाइपलाइन शिफ्टिंग की तैयारी

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। फ्रीगंज में नया फोरलेन ओवरब्रिज बनाने के लिए मेन पेयजल प्रदाय लाइन शिफ्ट करने के लिए मक्सी रोड ब्रांच को कुछ दिन के लिए बंद किया जाएगा। यह काम दीपावली बाद शुरू करने की तैयारी है। दरअसल, पाइप लाइन शिफ्ट करने के लिए मक्सी रोड ब्रांच को बंद करना जरूरी हो गया है। अभी त्योहार की भीड़ अधिक होने से यह काम नहीं किया जा रहा। लाइन को शिफ्ट करने की तैयारी पूरी कर ली गई है।
फ्रीगंज में नया ब्रिज बनाने का काम तेजी से शुरू कर दिया गया है। रेलवे के क्वार्टर भी तोड़े जा रहे हैं और पिलर्स बनाने का काम शुरू कर दिया गया है। फ्रीगंज क्षेत्र में शास्त्री प्रतिमा को हटाने पर भी सहमति बन गई है। पेयजल पाइप लाइन शिफ्ट करने का काम भी पीएचई द्वारा शुरू किया जा चुका है, लेकिन मक्सी रोड ब्रांच पर शिफ्ट करने से पहले ब्रांच का ट्रैफिक बंद करना पड़ेगा। इस कारण यह काम अभी अधर में है। अधिकारियों के अनुसार अभी दीपावली पर्व के कारण क्षेत्र में ट्रैफिक बढ़ गया है और अभी ब्रांच बंद करने से परेशानियां खड़ी हो सकती हैं। दीपावली बाद ब्रांच बंद की जाएगी। इसकी जगह ट्रैफिक ग्रांड होटल के सामने से शुरू किया जाएगा।
शास्त्री प्रतिमा दूसरी जगह होगी शिफ्ट
ब्रिज निर्माण के लिए शास्त्री प्रतिमा को दूसरी जगह शिफ्ट किया जाएगा। एमआईसी इसके लिए अपनी सहमति दे चुकी है। सूत्रों के अनुसार नई जगह शिफ्ट करने के लिए जगह का चयन किया जा रहा है। इसके लिए दो तीन स्थान सामने आए हैं। किसी एक का चयन कर प्रतिमा शिफ्ट होने के बाद ब्रिज का काम तेजी से आगे बढ़ाया जा सकेगा।
सीएम का ड्रीम प्रोजेक्ट, तेजी से होगा काम
फ्रीगंज में नया फोरलेन ब्रिज मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का ड्रीम प्रोजेक्ट है। मुख्यमंत्री की पहल पर ही इसे बंद बिनोद मिल तरफ बनाने की नई योजना बनाई गई और वह अब धरातल पर उतर रही। पूर्व मुख्यमंत्री ने इसे इंदिरा गांधी प्रतिमा तक बनाने की स्वीकृति दी थी।









