वरिष्ठ पार्षद एवं कांग्रेस नेत्री माया राजेश त्रिवेदी का निधन ,अंतिम यात्रा आज सुबह 11 बजे

उज्जैन। कांग्रेस नेत्री और वार्ड क्रमांक 21 की पार्षद माया राजेश त्रिवेदी का मंगलवार रात करीब 11 बजे 58 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। बताया जा रहा है कि रात में भोजन करने के बाद वे विश्राम करने गई थीं। इसी दौरान अचानक उनके सीने में दर्द उठा। परिजन उन्हें तत्काल अवंति अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन तब तक उनकी मृत्यु हो चुकी थी।
कांग्रेस की राजनीति में ‘भाभी’ के नाम से पहचानी जाने वाली माया राजेश त्रिवेदी ने अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत महाराजवाड़ा-कार्तिक चौक ब्लॉक अध्यक्ष के रूप में की थी। इसके बाद वे सक्रिय राजनीति में लगातार अपनी भूमिका निभाती रहीं।
तीसरी बार बनी थीं वार्ड 21 की पार्षद
माया त्रिवेदी कांग्रेस के टिकट पर वार्ड क्रमांक 21 से लगातार तीसरी बार पार्षद चुनी गई थीं। स्थानीय राजनीति में उनकी मजबूत पकड़ मानी जाती थी। वे पार्टी संगठन के साथ-साथ सामाजिक गतिविधियों में भी सक्रिय रहती थीं।
दो बार विधानसभा चुनाव में उतरीं
माया त्रिवेदी ने उज्जैन उत्तर विधानसभा सीट से दो बार चुनाव लड़ा। वर्ष 2018 में वे कांग्रेस प्रत्याशी विवेक यादव के खिलाफ बागी उम्मीदवार के रूप में चुनाव मैदान में उतरी थीं। इसके बाद वर्ष 2023 में कांग्रेस ने उन्हें इसी सीट से अपना अधिकृत प्रत्याशी बनाया।
हालांकि, दोनों चुनाव में उन्हें हार का सामना करना पड़ा। वर्ष 2018 में भाजपा के पारस जैन और वर्ष 2023 में भाजपा के अनिल जैन कालूहेड़ा ने उन्हें चुनाव में पराजित किया।
कांग्रेस और ब्राह्मण समाज में सक्रिय भूमिका
कांग्रेस की राजनीति में बटुकशंकर जोशी के खेमे से जुड़ी माया त्रिवेदी को ब्राह्मण समाज की भी मजबूत नेत्री माना जाता था। पति राजेश त्रिवेदी के साथ उन्होंने राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभाई।
माया त्रिवेदी अपने बेबाक और स्पष्ट बोलने के अंदाज के लिए जानी जाती थीं। उनके निधन की खबर सामने आने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं, समर्थकों और परिचितों में शोक की लहर है।
आज निकलेगी अंतिम यात्रा
माया राजेश त्रिवेदी की अंतिम यात्रा आज सुबह 11 बजे कार्तिक चौक स्थित उनके निवास से निकलेगी। उनका अंतिम संस्कार चक्रतीर्थ पर किया जाएगा।









