सहकारिता अध्यक्ष के घर से शादी के लिए जमा 15 लाख चुरा ले गए बदमाश

सूने घर को बनाया निशाना : द्वारकापुरी कॉलोनी के बाद अब आदर्श नवीन नगर में चोरों का धावा
शाजापुर। त्योहारी सीजन में बदमाशों ने नगर को अपना ठिकाना बना लिया है। जिन्होंने एक सप्ताह के अंदर चार से पांच वारदातों को अंजाम देकर पुलिस की नाक में दम कर रखा है। पहले बदमाशों ने द्वारकापुरी कॉलोनी के सूने मकानों पर धावा बोला, तो शुक्रवार की रात बदमाशों ने सहकारिता अध्यक्ष के घर में घुसकर वहां से 15 लाख रुपए की नकदी और आभूषण पर हाथ साफ कर दिया।
आदर्श नगर में रहने वाले सहकारिता संघ के जिलाध्यक्ष लखन कुंभकार का परिवार रक्षाबंधन का त्योहार मनाने बाहर गया हुआ था और घर पर ताला लगा हुआ था। इसी का फायदा उठाया बदमाशों ने घर के ताले तोड़कर वारदात को अंजाम दिया। चोरी में 7 लाख रुपए नकद और सोने-चांदी के जेवरात शामिल हैं। कुुंभकार ने बताया कि उनका परिवार 26 अगस्त को रक्षाबंधन मनाने ग्राम मदाना गया था। घर पर कोई मौजूद नहीं था। शनिवार को जब परिवार लौटा, तो ताले टूटे हुए मिले और घर का सामान बिखरा पड़ा था। इसके बाद चोरी का पता चला। परिजन के अनुसार उनके दो भांजों की नवंबर-दिसंबर में होने वाली शादियों की तैयारियों के लिए घर में लगभग 7 लाख रुपए नकद रखे थे। इसके अतिरिक्त, सोने-चांदी के जेवरात भी घर में मौजूद थे। नकदी और जेवरात की कुल कीमत लगभग 15 लाख रुपए बताई गई है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाले
सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। जिनके साथ डाग स्क्वॉड, साइबर टीम और फिंगरप्रिंट टीम के एक्सपर्ट भी थे जिन्होंने घटनास्थल का मुआयना कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
लगातार बढ़ रही वारदातें
कोतवाली थाना क्षेत्र के आदर्श नगर ही नहीं बल्कि इसके पहले द्वारकापुरी कॉलोनी में भी बदमाशों ने 25 से 28 अगस्त के बीच तीन अन्य चोरी की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। रक्षाबंधन पर बड़ी संख्या में परिवारों के घरों पर ताले लगाकर गांव जाने के दौरान लगातार हो रही इन चोरियों से पुलिस की गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।

