जिस बेटे का जन्मदिन मनाने निकले, उसी 5 माह के मासूम के साथ माता-पिता की भी मौत

सारंगपुर-अकोदिया मार्ग पर पिकअप ने बाइक को मारी टक्कर, कुत्ते को बचाने के लिए रोकी थी बाइक
अक्षरविश्व न्यूज शाजापुर/सारंगपुर। जिस बेटे के जन्मदिन पर माता-पिता उसे भगवान का आशीर्वाद दिलाने मंदिर ले गए थे, उसी दिन पूरा परिवार हादसे का शिकार हो गया। सारंगपुर-अकोदिया मार्ग पर गोदना गांव के पास तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार पति-पत्नी और उनके पांच माह के मासूम बेटे की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई।
जानकारी के अनुसार, आष्टा की इंद्र कॉलोनी निवासी अजीत पिता रामसिंह पंवार अपनी पत्नी पूजा और पांच माह के बेटे के साथ शनिवार को बाइक से देवदर्शन के लिए निकले थे। बताया जा रहा है कि इसी दिन उनके बेटे का जन्मदिन भी था। परिवार ने जन्मदिन के खास मौके पर मंदिर में दर्शन कर बच्चे के लिए आशीर्वाद लेने की योजना बनाई थी। दर्शन के बाद घर लौटते समय गोदना गांव के पास यह दर्दनाक हादसा हो गया।
सलसलाई थाना प्रभारी जनक सिंह रावत के अनुसार, अचानक बाइक के सामने एक कुत्ता आ गया। उसे बचाने के लिए अजीत ने बाइक रोक दी। इसी दौरान पीछे से आ रही पिकअप ने बाइक को जानलेवा टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों सडक़ पर गिर पड़े और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
सडक़ पर बिखरे शव, मां के पास पड़ा था मासूम
हादसे के बाद घटनास्थल का दृश्य बेहद हृदयविदारक था। सडक़ पर पति-पत्नी और मासूम के शव पड़े थे। मासूम अपनी मां के पास पड़ा था। यह दृश्य देखकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों और पुलिसकर्मियों की आंखें भी नम हो गईं। ग्रामीणों ने तत्काल तीनों शवों को कपड़ों से ढका और पुलिस को सूचना दी। कुछ ही देर में आसपास के ग्रामीण और खेतों में काम कर रहे मजदूर भी मौके पर पहुंच गए।
सोशल मीडिया से हुई मृतकों की पहचान
शुरुआत में मृतकों की पहचान नहीं हो सकी। इसके बाद सोशल मीडिया पर उनकी तस्वीरें साझा की गईं, जिसके माध्यम से उनकी पहचान आष्टा निवासी अजीत पंवार, उनकी पत्नी पूजा और पांच माह के बेटे के रूप में हुई। सूचना मिलते ही परिजन घटनास्थल के लिए रवाना हो गए। पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
ग्रामीणों ने पिकअप चालक को पकड़ कर पुलिस को सौंपा
हादसे के बाद ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए पिकअप वाहन और उसके चालक को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। घटनास्थल के आसपास सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे हैं। पुलिस ने पिकअप वाहन जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बाइक सवार के पास हेलमेट भी था, लेकिन हादसे के समय उन्होंने हेलमेट पहना था या नहीं, इसकी पुष्टि नहीं हुई है।
जिस घर में मनना था जन्मदिन, वहां पसरा मातम
शनिवार को जिस घर में मासूम के जन्मदिन की खुशियां मनाई जानी थीं, वहां अब मातम पसरा है। माता-पिता अपने बेटे को भगवान का आशीर्वाद दिलाने निकले थे, लेकिन रास्ते में हुए हादसे ने तीनों की जिंदगी छीन ली। आष्टा में घटना की खबर पहुंचते ही परिजन और परिचितों में शोक छा गया। एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया।







