जनसुनवाई : कर्ज में फंसे युवक ने ईंट से सिर फोड़ा, एसडीएम के सामने रोता रहा

रजिस्ट्री न होने से 6 माह से परेशान युवक ने जनसुनवाई में किया हंगामा
अक्षरविश्व न्यूज शाजापुर। यूपीएससी की परीक्षा की तैयारी कर रहे एक युवक को मकान पर लोन लेना है, जिसकी रजिस्ट्री के लिए वह पिछले 6-7 माह से कलेक्टर कार्यालय के चक्कर लगा रहा है। लेकिन उसे निराशा हाथ लग रही थी। मंगलवार को युवक जनसुनवाई में पहुंचा और जमकर हंगामा कर दिया। उसने ईंट से अपना सिर पटका जब अधिकारी मौके पर पहुंचे तो उनके सामने जमीन पर लेटकर रोने लगा। मामले को लेकर अधिकारियों का कहना है कि वरिष्ठ कार्यालय से कार्रवाई होगी। हमने प्रकरण वहां भेज दिया है।
ग्राम खड़ी निवासी राजेंद्र बागरी अपनी शिकायत लेकर जनसुनवाई में पहुंचा था। युवक मकान की रजिस्ट्री को लेकर लंबे समय से परेशान चल रहा था। क्योंकि उसे यूपीएससी की परीक्षा देना है जिसके चलते उसे मकान पर लोन की आवश्यकता है। इस लोन के चक्कर में युवक ने कुछ लोगों से कर्ज ले रखा है जिसकी पूर्ति वह लोन की राशि से करना चाहता है, लेकिन 6-7 माह से वह अधिकारियों के चक्कर लगा रहा है।
कभी अधिकारी नहीं मिलते, कभी कुछ कमी निकल जाती है तो कभी कोई कारण बता दिया जाता है। जिससे वह परेशान हो गया। इस मंगलवार को भी वह जनसुनवाई पहुंचा और अपनी परेशानी बताई लेकिन उसे इस बार भी आश्वासन देकर चलता किया जा रहा था। इससे वह बिफर गया और कलेक्टर कार्यालय परिसर में ही ईंट से सिर फोडऩे का प्रयास करने लगा। तभी वहां मौजूद कुछ पुलिसकर्मियों ने उसे रोका और अधिकारियों के पास ले जाने लगे। कुछ देर बाद एसडीएम मनीषा वास्कले वहां पहुंची तो युवक उनके सामने जमीन पर लेट गया और रोने लगा।
लगातार दूसरी बार जनसुनवाई में हंगामा
शाजापुर में जनसुनवाई के दौरान लगातार दूसरे मंगलवार को विरोध की घटना सामने आई है। इससे पहले मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में एक युवक ने खुद पर पेट्रोल डालकर आत्महत्या का प्रयास किया था। क्योंकि उसके अपने रिश्तेदार ही उसका मकान नहीं बनने दे रहे थे। जिसकी शिकायत वह कई बार कर चुका था। तो इस बार ग्राम खड़ी निवासी युवक मकान की रजिस्ट्री न होने से परेशान होकर हंगामा करने को मजबूर हो गया।
इनका कहना है….
पोलायकला तहसील से युवक यहां आया था। स्वामित्व योजना से जुड़ा मामला है। जिसे हमने कलेक्टर के माध्यम से भोपाल भिजवा दिया है। जो भी आगामी कार्रवाई होगी वह भोपाल से ही होना है। युवक ने हंगामा किया था जिसे समझाइश देकर थाने भिजवाया गया था।
– मनीषा वास्कले
एसडीएम-शाजापुर
कलेक्टर से आर्थिक सहायता दिलाए जाने की मांग की
आगर। जनसुनवाई में राहुल सिंह ने पिता के निधन होने पर आर्थिक सहायता प्रदान करने, आवेदिका ममता बाई ने राशन कार्ड बनवाने, बड़ौद की गुड्डीबाई ने नल जल योजना से जल प्रदाय करवाने, मोहनलाल ने पीएम सम्मान निधि योजना का लाभ दिलाने संबंधी आवेदन प्रस्तुत किया। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को समयय सीमा में कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
इस मौके पर बड़ौद के जगदीश, सेमलखेड़ी के ग्रामीणों, लोगंड़ी के शिवलाल, माणा के अरविंद, कानड़ के कैलाश मालवीय, चिकली गोयल के गोंदू बंजारा, पिपल्या सोनगरा के दुर्गालाल, प्रतापपुरा के सुरेश, सिरपोई के शंकरलाल, भण्डावद के कमल, सुईगांव के राजेश यादव, बरखेड़ा के रामसिंह, बराई सोयतकलां के रूगनाथ, चाचाखेड़ी के अम्बाराम आदि ने भी अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए।








