कुत्ता हटाने की बात पर मां-बेटे से मारपीट

उज्जैन। वीडी क्लॉथ मार्केट में दुकान के सामने बैठे कुत्ते को हटाने की बात को लेकर खरीदी करने पहुंचे मां-बेटे के साथ दुकान संचालक के बेटों ने मारपीट की। इससे युवक घायल हो गया जिसे चरक अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। मामले में कोतवाली थाने में शिकायत की गई है।

चरक हॉस्पिटल में भर्ती आकाश पिता संजय कुमावत निवासी अवंतिपुरा ने बताया कि वह अपनी मां सरस्वती कुमावत के साथ बुधवार रात करीब 8.30 बजे खरीदारी करने के लिए वीडी क्लॉथ मार्केट स्थित चौधरी एम्पोरियम पर गया था। वहां दुकान गेट पर कुत्ता बैठा जो भौंक रहा था। डर के कारण आकाश ने उसे हटाने का कहा तो दुकान संचालक के दो बेटों ने मारपीट की। जब आकाश की मां ने बीच-बचाव किया तो दोनों ने उनके साथ अभी अभद्रता करते हुए धक्का-मुक्की की। इससे उन्हें भी चोट लगी। मामले में आकाश ने कोतवाली थाने में प्रकरण दर्ज करवाया है।









