सोम प्रदोष पर ढाई लाख ज्यादा दर्शनार्थी पहुंचे महाकाल

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। सावन के दूसरे सोमवार को पहले के मुकाबले ढाई लाख अधिक श्रद्धालु महाकाल मंदिर दर्शन के लिए पहुंचे। इसमें से साढ़े 12 हजार लोगों ने शीघ्र दर्शन टिकट लेकर बाबा के दर्शन किए।
सावन सोमवार ऐसे भी भगवान महाकाल के दर्शन-पूजन लिए विशेष होता, उस पर भी प्रदोष का संयोग एक खास अवसर बनता है। 10 अगस्त को सावन के दूसरे सोमवार पर ऐसा ही संयोग बना। इस कारण महाकाल मंदिर में दर्शन के लिए काफी संख्या में देशभर के दर्शनार्थी पहुंचे। मंदिर सूत्रों के मुताबिक सोमवार को 5 लाख 46 हजार 497 श्रद्धालुओं ने भगवान के दर्शन किए हैं। जबकि पिछले सोमवार 4 अगस्त को 3 लाख 17 हजार 331 लोगों ने बाबा के दर्शन किए थे। यानी इस सोमवार को पिछले सोमवार के मुकाबले करीब 2 लाख 29 हजार अधिक दर्शनार्थी महाकाल मंदिर पहुंचे।
शीघ्र दर्शन से 31 लाख कमाए
सोमवार को महाकाल मंदिर आए 12 हजार 560 श्रद्धालुओं ने शीघ्र दर्शन से बाबा के दर्शन किए। जिससे मंदिर समिति को 31.40 लाख रुपए की आय हुई है। अगर पूरे सावन की बात करें तो 30 जुलाई से 10 अगस्त तक 5 करोड़ 80 लाख रुपए की आय शीघ्र दर्शन से मंदिर समिति को हो चुकी है।
पिछले संडे का रिकार्ड बरकरार
अब तक सावन में सर्वाधिक दर्शनार्थी पिछले रविवार 3 अगस्त को (6,13,849) मंदिर आए थे। यह रिकार्ड बरकरार है। इस रविवार 9 अगस्त को मंदिर मेें 4 लाख 82 हजार 645 लोगों ने मंदिर पहुंचकर बाबा के दर्शन किए। जो कि पिछले संडे के मुकाबले करीब 1 लाख 31 हजार कम हैं।
सावन में निकल रहा 6 टन निर्माल्य
भगवान श्री महाकालेश्वर को फूल-बिल्वपत्र आदि निर्माल्य सामग्री भी सावन में दो गुना से अधिक चढ़ाई जा रही है। मंदिर सूत्रों के मुताबिक इन दिनों करीब 6 टन निर्माल्य सामग्री रोज मंदिर से निकल रही है। जो कि आम दिनों में करीब २ से ढाई टन होती है।









