सवारी मार्ग पर बढ़ी काम की रफ्तार

ढाबा रोड पर सडक़ बनाने की तैयारियां, रामघाट मार्ग पर लगा मुरम का ढेर

अक्षरविश्व न्यूज|उज्जैन। सावन माह और भगवान महाकाल की सवारी के लिए उलटी गिनती शुरू हो गई है। ठीक ३० दिन बाद यानी ३० जुलाई से सावन माह शुरू हो रहा है। इसके बाद पहले सोमवार 3 अगस्त को भगवान महाकाल की सवारी निकलेगी। सावन और सवारी का समय नजदीक आते देख सवारी मार्ग पर मार्ग चौड़ीकरण के काम ने रफ्तार पकड़ ली है।
श्री महाकालेश्वर की सवारी मार्ग में रामघाट मार्ग और ढाबा रोड हिस्से पर चौड़ीकरण का काम चल रहा है। संभागायुक्त आशीष सिंह पिछले दिनों निरीक्षण के दौरान २० जुलाई तक काम पूरा करने की डेडलाइन दे चुके हैं। इसके बाद दोनों जगह के काम ने रफ्तार पकड़ी है। ढाबा रोड पर सडक़ का काम काफी कुछ हो चुका है। लेकिन रामघाट मार्ग पर काम में कुछ परेशानी खड़ी हो सकती है।
राजसी सवारी के मार्ग में ज्यादा रोड़े
भगवान महाकाल की राजसी सवारी इस साल ७ सितंबर को रहेगी। दो महीने के भीतर राजसी सवारी के प्रमुख मार्ग मिर्जा नईम बेग मार्ग, तेलीवाड़ा, कंठाल से छत्री चौक तक का हिस्सा रेडी करना है। सबसे बड़ी चुनौती कंठाल से छत्री चौक मार्ग की है। आवागमन अधिक होने के कारण यहां काम की रफ्तार धीमी है।
ढाबा रोड : सडक़ का लेबल तैयार, नालियां भी बन रहीं
ढाबा रोड पर टंकी चौराहे से सत्यनारायण मंदिर तक सडक़ का काम तेजी से चल रहा है। यहां पर सडक़ का लेबल लगभग हो चुका है। संभावना है गेबी हनुमान मंदिर से सत्यनारायण मंदिर तक जल्दी ही सडक़ बनाने का काम भी शुरू हो सकता है। नालियों का काम भी तेजी से चल रहा है। पहले से तैयार मटेरियल के जरिए नालियां बनाई जा रही है। जिसमें समय कम लगता है। संभावना है यह काम समय पर पूरा हो जाएगा।
रामघाट : काम में आई तेजी बारिश लगा सकती है ब्रेक
यह काम पिछड़ा है। हालांकि टारगेटेड रोड की लंबाई कम है। ऐसे में अगर बारिश ने साथ दे दिया तो काम तेजी से होगा। यहां वर्तमान में सउक़ पर मुरम और मलवा पड़ा है। चौड़ीकरण में टूटे मकान भी ऐसे ही पड़े हैं। यहां पर काम की रफ्तार तो बढ़ी है, लेकिन संसाधन बढ़ाना और जरूरी है। इस मार्ग से ही भगवान महाकाल की पालकी रामघाट जाती और लौटती है। यहां सडक़ और नालियों का काम भी शुरू होना बाकी है।
क्षेत्रवासी खुश, काम समय पर होने की उम्मीद
प्रशासनिक अमला जी जान से जुटा है। दिनरात काम चल रहा है। अब सडक़ बनना बाकी है। जो समय पर बनती दिख रही है।-तरुण सोनी व्यापारी, ढाबा रोड
काम की स्पीड देकर लगता है भगवान महाकाल की सवारी में कोई परेशानी नहीं होगी। लोगों ने भी अपने घर-दुकान दुरुस्त कर लिए हैं।-उमेश परमार, व्यापारी गेबी हनुमान मंदिर के सामने
सडक़ों की रिटेनिंग वॉल बनाने पर जोर
सवारी मार्ग पर कुछ जगह तो सडक़ पूरी तरह तैयार हो जाएगी। शेष जगह सडक़ों की रिटेनिंग वॉल तक तैयार करने पर फोकस है। इससे आवागमन शुरू हो जाएगा। भगवान महाकाल की सवारी मेें कोई परेशानी नहीं आएगी।- अभिलाष मिश्रा आयुक्त, नगर निगम









