रामघाट से महाराष्ट्र के श्रद्धालु की पेंट चोरी, टावेल लपेट कर थाने पहुंचा

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। चोरों की गैंग पर्स, मोबाइल, सोने की चेन साथ अब श्रद्धालुओं के कपड़े भी चुराने लगी है। महाराष्ट्र के श्रद्धालु के साथ शनिवार सुबह कुछ ऐसा ही हुआ। रामघाट से कपड़े चोरी होने पर उसे टावेल लपेट कर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराने जाना पड़ा।
महाराष्ट्र के संभाजी नगर निवासी नारायण पिता मधुकर (50) परिवार के 11 सदस्यों के साथ निजी वाहन से उज्जैन आए थे। शनिवार सुबह सभी स्नान के लिए रामघाट आए। नारायण ने बताया कि बेटे समर्थ को पेंट सौंपकर वे नहाने चले गए, लौटकर आए तो पेंट नहीं था। बेटा समर्थ पास में ही पेंट रखकर बैठा था, इसी एक व्यक्ति मंदिर का पता पूछने आया और उसी दौरान पेंट चोरी हो गई। नारायण ने बताया कि चोरी हुई पेंट में मोबाइल, 4 हजार रुपए नकद, एटीएम, आधार कार्ड थे।
चौकी के पुलिसकर्मी बोले-थाने जाओ
नारायण ने बताया कि वो टॉवेल लपेट कर चोरी की शिकायत लेकर रामघाट चौकी पर पहुंचा तो वहां मौजूद पुलिसकर्मी बोले कि पहले थाने जाकर रिपोर्ट लिखाओ। कपड़ों का बैग कार में रखा था इस कारण टॅावेल में ही थाने आ गया। पुलिस ने उससे शिकायती आवेदन लिया है।
अब टीटीई को भी निशाना बना रहे चोर, 15 दिन में टैब-1 चोरी की दूसरी घटना
उज्जैन। ट्रेनों में यात्रियों के मोबाइल, पर्स व अन्य सामान के साथ रेलवे के टीटीई के सरकारी टैबलेट भी सुरक्षित नहीं हैं। चोर उन्हें भी निशाना बना रहे हैं। टीटीई टैब-1 व कागजात चोरी होने की एक और घटना सामने आई है। 15 दिन में यह दूसरा मामला है।
टीटीई कुलदीप सिंह पिता गुमान सिंह (35) निवासी मंदसौर ने शुक्रवार को जीआरपी में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई। कुलदीप सिंह ने पुलिस को बताया कि उनकी ड्यूटी सोमनाथ एक्सप्रेस में अहमदाबाद से भोपाल के लिए थी। कोच चैकिंग के बाद उन्होंने बी-1 कोच की सीट नंबर 7 पर अपना बैग रखा और वॉशरूम चले गए। मक्सी स्टेशन आने पर उन्हें पता चला कि सीट पर रखा बैग चोरी हो चुका था। बैग में रेलवे का टैब-1, ईएफटी बुक, रसीदें आदि रखे थे। 15 दिनों पहले भी चोरों ने एक टीटीई का टैबलेट ट्रेन में चोरी चला गया था।
महिला के पर्स से रुपए और युवक का मोबाइल चोरी: प्रियंका गुप्ता पति गौरव (35) निवासी सूरत पुरी एक्सप्रेस के ए-2 कोच में उज्जैन आ रही थीं। उज्जैन स्टेशन पर उन्हें पता चला कि अज्ञात व्यक्ति ने पर्स से 10 हजार रुपए चोरी कर लिए हैं। इसी प्रकार हर्षुल नानवानी निवासी ऋषि नगर मां हर्षा नानवानी को ट्रेन में बैठाने आया था। इस दौरान स्टेशन से उसका मोबाइल चोरी हो गया।









