दिल्ली एयरपोर्ट पर 45 मिनट तक क्यों रुके रहे PM मोदी? वजह जानकर चौंक जाएंगे!

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को छात्रों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए दिल्ली एयरपोर्ट से अपने आवास के लिए तत्काल रवाना होने के बजाय कुछ समय तक वहीं रुकने का निर्णय लिया। यह फैसला राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET-UG) री-एग्जाम में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की आवाजाही को प्रभावित होने से बचाने के उद्देश्य से लिया गया।

जानकारी के अनुसार प्रधानमंत्री पश्चिम बंगाल दौरे से लौटकर दोपहर करीब 1:15 बजे दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचे थे। उसी दिन दोपहर 2 बजे से NEET-UG पुनर्परीक्षा शुरू होनी थी। ऐसे में राजधानी के विभिन्न परीक्षा केंद्रों की ओर बड़ी संख्या में अभ्यर्थी रवाना हो रहे थे।
अधिकारियों के मुताबिक प्रधानमंत्री के काफिले की आवाजाही के दौरान सुरक्षा कारणों से कई मार्गों पर विशेष ट्रैफिक प्रबंधन लागू किया जाता है। इसे ध्यान में रखते हुए प्रधानमंत्री ने परीक्षा शुरू होने तक एयरपोर्ट पर ही रुकने का फैसला किया, ताकि छात्रों को परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने में किसी तरह की परेशानी न हो। परीक्षा शुरू होने के बाद वे अपने आवास के लिए रवाना हुए।
गौरतलब है कि पेपर लीक और अन्य अनियमितताओं के आरोपों के चलते पूर्व में आयोजित परीक्षा रद्द किए जाने के बाद NEET-UG री-एग्जाम कराया जा रहा है। इस परीक्षा में देशभर के 5,440 केंद्रों तथा विदेशों के 14 केंद्रों पर 22 लाख से अधिक अभ्यर्थी शामिल हो रहे हैं।
राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने परीक्षा की पारदर्शिता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं। परीक्षा केंद्रों की निगरानी के लिए एआई आधारित सिस्टम के साथ करीब 1.38 लाख सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जिनके माध्यम से 95 हजार से अधिक परीक्षा कक्षों पर नजर रखी जा रही है।
इसके अलावा इलेक्ट्रॉनिक नकल रोकने के लिए 51 हजार से अधिक सिग्नल जैमर तैनात किए गए हैं। परीक्षा प्रक्रिया की निगरानी के लिए 6,700 ऑब्जर्वर, 100 से अधिक वर्चुअल मॉनिटर, लगभग 39 हजार फ्रिस्किंग कर्मी और 48 हजार से ज्यादा बायोमेट्रिक सत्यापन कर्मचारी भी नियुक्त किए गए हैं।








