पुलिस की रस्सा पार्टी ने की मॉकड्रिल दूसरी सवारी में बढ़ाएंगे सुरक्षा

उज्जैन। बाबा महाकाल की सवारी के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बीच मुख्य पालकी की सुरक्षा के लिए पुलिस ने तैयारी तेज कर दी है। शनिवार को पुलिस की रस्सा पार्टी ने इसके लिए रिहर्सल भी की।
पुलिस की रस्सा पार्टी भगवान श्री महाकालेश्वर की पालकी के आसपास सुरक्षा व्यवस्था संभालती है, ताकि अवांछित लोग रस्सी के सुरक्षा घेरा को तोडक़र अंदर प्रवेश न कर सकें। इस सुरक्षा चक्र को और पुख्ता करने के लिए शनिवार को पुलिस लाइन स्थित परेड ग्राउंड में पुलिस की रस्सा पार्टी ने रिहर्सल की। इस मौके पर लाइव सिचुऐशन क्रिएट की गई।
एडिशनल एसपी आलोक शर्मा के निर्देशन में यह मॉकड्रिल की गई। इस दौरान बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों को सादे वस्त्रों में श्रद्धालुओं की भीड़ के रूप में तैनात किया गया, जिन्होंने मुख्य रस्सा घेरे में प्रवेश करने का प्रयास किया। वर्दीधारी पुलिसकर्मियों ने निर्धारित प्रक्रिया के तहत उन्हें रोकते हुए पालकी के आसपास सुरक्षा घेरा बनाए रखा।
मुख्य रस्सा पार्टी को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए उसके चारों ओर बहुस्तरीय लेयरिंग की व्यवस्था की गई। बाहरी घेरे में पुलिस बल के साथ-साथ अपूर्वा जिम के वॉलंटियर्स का भी सहयोग लिया गया। पालकी के आगे, पीछे और दोनों ओर तैनात कर्मियों ने मार्ग को सुरक्षित एवं क्लियर रखने के लिए क्लियरेंस टीम रहेगी। इस टीम ने भी शनिवार को रिहर्सल की।









