UDA के थर्ड क्लास बाबू को पुलिस ने किया तलब, पांच घंटे पूछताछ

फर्जी तरीके से आवास आवंटन का मामला

उज्जैन। यूडीए में फर्जी तरीके से आवास आवंटन के मामले में पुलिस ने यूडीए के थर्ड क्लास बाबू को तलब कर 5 घंटे पूछताछ की है।जांच अब पुलिस अपने स्तर पर कर रही है। इसमें यूडीए के बाबू प्रवीण गेहलोत को माधवनगर पुलिस ने थाने में तलब किया। बाबू से यूडीए की आवासीय योजना भार्गवनगर में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी कोटे में दिवंगत हो चुके स्व. सुदामाप्रसाद अग्रवाल के नाम से फर्जी तरीके से मकान नंबर आवंटन के मामले में पुलिस ने पूछताछ की है।
मामला सामने आने पर तत्कालीन यूडीए सीईओ शिवेंद्र सिंह ने गेहलोत को सस्पेंड कर दिया था और मकान का आवंटन भी निरस्त कर दिया था। 18 जनवरी 24 को यूडीए सीईओ संदीप सोनी ने गेहलोत को पीआरओ व सहायक संपदा के पद से हटा दिया था, लेकिन उक्त प्रकरण में थाने में षडयंत्र रचे जाने की धाराओं में अब तक प्रकरण पंजीबद्ध नहीं किया है।
नाती की मिलीभगत
प्रकरण में मृत स्वतंत्रता संग्राम सेनानी के उज्जैन में रहने वाले नाती आशीष अग्रवाल ने बाबू गेहलोत से सांठगांठ कर दिवंगत नाना सुदामाप्रसाद को जीवित दर्शाते हुए यूडीए की भार्गवनगर योजना में पंजीयन फार्म जमा किया था। इसमें स्वतंत्रता संग्राम सेनानी कोटे में मकान का आवंटन हुआ था। उस समय नाती आशीष ने यह तर्क दिया था कि मेरे नानाजी का स्वास्थ्य खराब होने से अभी उन्हें हाजिर नहीं करवाया जा सकेगा। इसमें तहसीलदार सुंदरसिंह चौहान के हस्ताक्षर से दिवंगत स्वतंत्रता संग्राम सेनानी के नाम से फर्जी आय प्रमाण पत्र यूडीए में पेश किया गया था।









