शताब्दी वर्ष- एक से घर-घर जाकर दस्तक देंगे आरएसएस के स्वयंसेवक

घरों पर लगाएंगे भगवा पताकाएं

गृह संपर्क अभियान में उज्जैन के 7 नगर, 65 बस्तियों, 550 मोहल्ले में जाने का लक्ष्य
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) अपने शताब्दी वर्ष में हर घर पर दस्तक देगा। सोमवार(एक दिसंबर) से उज्जैन महानगर के 7 नगर, 65 बस्ती और 550 मोहल्लों में यह जनसंपर्क अभियान शुरू होगा। मालवा प्रांत के 28 जिलों के 138 खंड़ों के 12500 से अधिक गांव,101 नगरों के 7500 से अधिक मोहल्लों में संघ की टोलियां लोगों से संपर्क करेंगी। पंद्रह दिसम्बर तक चलने वाले अभियान में 35 लाख परिवारों तक पहुंचने का लक्ष्य रखा गया है। इस दौरान हर घर पर भगवा पताका भी फहराई जाएगी। संघ शताब्दी वर्ष में पंच परिवर्तन का संकल्प लेकर चल रहा है। समरस हिन्दू समाज को सबल और सशक्त बनाने के लिए उसने हर परिवार तक पहुंचने का लक्ष्य रखा है। इसकी वजह है कि हमारे परिवार संस्कारों और परंपराओं की पाठशाला हैं और मौजूदा दौर में संस्कृति की रक्षा और संस्कारों के साथ परिवारों को संस्कारमय बनाए रखना बहुत बड़ी चुनौती है।
क्या है पंच परिवर्तन
आरएसएस ने सामाजिक समरसता, परिवार प्रबोधन, पर्यावरण केंद्रित जीवनशैली, स्वदेशी का संकल्प और नागरिक कर्तव्यों के पालन को पंच-परिवर्तन माना है। इन पांच संकल्प की जानकारी स्वयंसेवक गृह संपर्क अभियान के दौरान घर-घर जाकर देंगे और हर परिवार से किसी एक संकल्प का आह्वान करवाएंगे।
कैसे चलेगा अभियान
गृह संपर्क अभियान के लिए टोलियां बनाई गई हैं। प्रत्येक टोली में 3 से 4 स्वयंसेवक रहेंगे। इनमें महिलाएं भी होंगी। यह स्वयंसेवक समयदानी होंगे। इन टोलियों को अलग-अलग श्रेणी में बांटा गया है। प्रमुखजनों से मुलाकात पृथक टोलियां करेंगी।
कैसे करेंगी काम
टोलियां गृह संपर्क के दौरान संघ स्थापना का मकसद, संघ की कार्यपद्धति और संघ की सौ वर्षों की यात्रा और समाज में उसकी भूमिका पर सामान्य चर्चा भी करेगी। अभियान में सभी जाति-पंथों, नगरों, ग्रामीण क्षेत्रों, सेवा-बस्तियों और वनवासी परिवारों को शामिल किया गया है।
अगले महीने से हिंदू सम्मेलन
गृहसंपर्क अभियान के बाद जनवरी महीने में 1350 मंडल (आठ-दस गांवों के समूह) व 988 बस्तियों में हिंदू सम्मेलन होंगे। सम्मेलन के लिए समाजजनों की मार्गदर्शक व आयोजन समितियां गठित हो रही हैं। संत, समाज प्रमुख और महिला वक्ता सम्मेलन को संबोधित करेंगे।
3 हजार स्वयंसेवक होंगे शामिल
उज्जैन महानगर के गृह संपर्क अभियान में ३ हजार स्वयंसेवक शामिल होंगे। इनका लक्ष्य महानगर के 7 नगरों की 65 बस्तियों और 550 मोहल्ले में हर घर तक पहुंचना रहेगा।









