मुंबई के वरिष्ठ समाजसेवी शांतिलाल जैन भाजपा की महाराष्ट्र प्रदेश कार्यकारिणी में निमंत्रित सदस्य नियुक्त

By AV NEWS

मुंबई, 23 फरवरी। मुंबई के वरिष्ठ समाजसेवी और प्रमुख सामाजिक एवं सांस्कृतिक संस्था नई उड़ान के संयोजक शांतिलाल बी. जैन को भारतीय जनता पार्टी की महाराष्ट्र प्रदेश कार्यकारिणी में निमंत्रित सदस्य नियुक्त किया गया है।

इस आशय का नियुक्ति पत्र भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष चन्द्रशेखर बावनकुले द्वारा जारी किया गया है। उल्लेखनीय है कि राजस्थान के उदयपुर में 1949 में जन्मे शांतिलाल बी. जैन पिछले कई दशकों से मुंबई के एक सफल कारोबारी होने के साथ देश की भलाई और समाज कल्याण के कार्यों में हमेशा अग्रणी रहते हैं। 1992 में पहली बार मुंबई महानगरपालिका के नगर सेवक बने श्री जैन का चयन 1996 में मुंबई महानगरपालिका के 221 नगर सेवकों में से सर्वश्रेष्ठ नगर सेवक के रूप में किया गया।

आप 1996 में ही मुंबई महानगर पालिका की वर्क्स कमेटी के चेयरमैन और लॉ कमेटी के सदस्य भी रहे हैं। मिलनसार और परोपकारी स्वभाव वाले शांतिलाल जैन भारत जैन महामंडल, अणुव्रत ट्रस्ट, जैन इंटरनेशनल ट्रेड ऑर्गेनाइजेशन, नयी उड़ान और जैन फुलवारी जैसी विभिन्न सामाजिक एवं शैक्षणिक संस्थाओं के सक्रिय पदाधिकारी के रूप में रक्तदान शिविरों के आयोजन के अलावा गरीब बच्चों की पढ़ाई के लिए आर्थिक सहायता देने और दिव्यांगों को जयपुर फुट उपलब्ध कराने में हमेशा अग्रणी रहे हैं।

मुंबई महानगर पालिका द्वारा संचालित स्वच्छता जागरूकता अभियानों और जन समस्याओं के तुरंत निराकरण में भी आपकी सक्रिय भूमिका रही है। कालबादेवी क्षेत्र में पानी की पुरानी पाइप लाइन बदलकर नई पाइप लाइन डलवाने का महत्वपूर्ण कार्य करवाने पर स्थानीय निवासियों में आप पानी वाला भाई के नाम से काफी लोकप्रिय हैं। श्री जैन की नई राजनीतिक नियुक्ति पर उनसे जुड़ी विभिन्न संस्थाओं ने उन्हें हार्दिक बधाई और शुभकामनाऍं दी हैं।

Share This Article