कार्तिक मेला ग्राउंड में चले लाठी-डंडे और पत्थर

उज्जैन। कार्तिक मेला ग्राउंड में मंगलवार शाम उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब साठियां और पारदी समाज के दो गुट भिड़ गए। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर लाठी-डंडे चलाए और पथराव किया। बताया जा रहा है कि कार्तिक मेला ग्राउंड में पिछले करीब 3 महीनों से दोनों समाजों के लोग तंबू में रह रहे थे। मंगलवार शाम करीब साढ़े 5 बजे विवाद की शुरुआत हुई। एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर शराब पीकर महिलाओं से छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया।

बहस और झूमाझटकी से शुरू हुआ यह मामला खूनी संघर्ष में बदल गया। उपद्रवियों ने एक-दूसरे पर पत्थरों फेंकना शुरू कर दिए जिससे राहगीरों में भगदड़ मच गई। लोगों ने अपनी जान बचाने के लिए गाडिय़ां सड़क किनारे खड़ी कर दीं और सुरक्षित स्थानों पर दुबक गए। इस दौरान लाठी-डंडों से मारपीट का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। घटना में ईश्वर पिता छोटेलाल साठियां, उसका भतीजा करण और पोता कालू घायल हुए हैं। सूचना मिलते ही महाकाल सहित तीन थानों का बल मौके पर पहुंचा और हल्का बल प्रयोग कर उपद्रवियों को खदेड़कर स्थिति को काबू में किया। संघर्ष में एक एसआई को भी चोट आई है।









