तेलंगाना के चर्चित विधायक टी. राजासिंह के महाकाल दर्शन से कांग्रेस में खलबली

जिलाध्यक्ष परमार विरोधी खेमे ने फिर खोला मोर्चा, आलाकमान को शिकायत

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। तेलंगाना के हैदराबाद शहर की गोशमहल सीट के चर्चित निर्दलीय हिंदुवादी विधायक टी. राजा सिंह के महाकाल दर्शन ने कांग्रेस की राजनीति में खलबली मचा दी है। जिलाध्यक्ष महेश परमार विरोधी खेमे ने एक बार फिर मोर्चा खोलते हुए आलाकमान को शिकायत भेजी है। दूसरी ओर जिलाध्यक्ष समर्थक नगरनिगम के नेता प्रतिपक्ष रवि राय ने कहा कि हम तो नफरत के बाजार में मोहब्बत की दुकान चलाने में विश्वास करते हैं। महाकाल दर्शन व्यवस्था से टीराजासिंह को सद्बुद्धि आएगी और वह कांग्रेस आलाकमान के खिलाफ अनर्गल बयानबाजी से बचेंगे। इस संबंध में जिलाध्यक्ष महेश परमार का पक्ष नहीं मिला है, जब भी मिलेगा आपको बताया जाएगा।
टी. राजासिंह ने बीते दिनों उज्जैन में महाकाल दर्शन किए थे। जिलाध्यक्ष महेश परमार विरोधी खेमे के लोगों ने उनके दर्शन के फोटो-वीडियो जारी करते हुए आरोप लगाया है कि टी.राजासिंह को दर्शन कराने में परमार के निज सचिव पीयूष जैन और पप्पू बौरासी ने मदद की थी। यह दोनों फोटो में सिंह के साथ दिखाई भी दे रहे हैं। इन फोटो को सोशल मीडिया पर वायरल करते हुए सवाल पूछा जा रहा है कि कांग्रेस आलाकमान के खिलाफ बोलने वाले टी.राजासिंह को दर्शन कराने वाले परमार समर्थक कांग्रेस के साथ हैं या अलग। यह भी कहा जा रहा है कि सिंह कांग्रेस नेता राहुलगांधी को मंदबुद्धि तक कहते हैं। ऐसे में पार्टी विचारधारा और पार्टी के बड़े नेता का अपमान करने वाले विधायक को दर्शन कराने वालों पर कार्रवाई क्यों नहीं होनी चाहिए।
कौन हैं टी. राजा सिंह
टी. राजा सिंह तेलंगाना के हैदराबाद शहर की गोशमहल सीट से निर्दलीय विधायक हैं। वह भाजपा में अपने तीखे बयानों के लिए चर्चित रहते थे। भाजपा ने उन्हें तीन साल बाहर बर्खास्त कर दिया था। उनकी पहचान हिंदुवादी नेता की है। हालांकि कांग्रेस के कई स्थानीय नेता अब भी उन्हें नहीं पहचानते हैं। उनके बारे में रवि शुक्ला और महेश सोनी से पूछे जाने पर पहले अनभिज्ञता जाहिर की थी, हालांकि बाद में दोनों ने अपनी तीखी प्रतिक्रिया दी।
महाकाल टी. राजा को सद्बुद्धि देेंगे
कांग्रेस और उसके बड़े नेता नफरत के बाजार में मोहब्बत की दुकान लगाने वाले हैं। हमारे नेता तो पीएम नरेंद्र मोदी तक को गले लगाते हैं। टीराजा सिंह का सुगम दर्शन से ह्दय परिवर्तन होगा और बाबा महाकाल उन्हें सद््रबुद्धि देंगे।
रवि राय नेता प्रतिपक्ष नगर निगम उज्जैन
नियुक्ति पर आलाकमान को सोचना चाहिए
यह पार्टी नेतृत्व के लिए सोचने का मैटर है कि उसके चुने गए अध्यक्ष के निज सचिव ऐसे शख्स को दर्शन करा रहे हैं, जो राहुल गांधी के बारे में अनर्गल टिप्पणी करता है। ऐसे लोगों पर कार्रवाई होनी चाहिए। इस संबंध में आलाकमान को शिकायत भेजी है।
हेमंतसिंह चौहान
कांग्रेस और उसके बड़े नेताओं पर गलत टिप्पणी करने वाले की मदद करना गलत है। खासकर उस स्थिति में जबकि पद की जिम्मेदारी भी हो। इस व्यवस्था से महेश परमार की निष्ठा कांग्रेस के प्रति संदिग्ध लगती है और उन पर कार्रवाई होनी चाहिए।
रवि शुक्ला
कांग्रेस के खिलाफ बोलने वालों की मदद करना अनुशासनहीनता की श्रेणी में आता है। ऐसे लोगों पर कठोर कार्रवाई होनी चाहिए।
महेश सोनी, पूर्व शहर अध्यक्ष








