ओंकारेश्वर से लौटा ड्राइवर रात को ट्रेवलर में सोया, सुबह मृत मिला

नींद में हार्ट अटैक आने से मौत की आशंका

उज्जैन। देसाईनगर स्थित गणेश मंदिर के समीप खड़ी ट्रेवलर में शनिवार सुबह लाश मिली। संभवत: नींद में हार्टअटैक आने से उसकी मौत हो गई। माधवनगर पुलिस मौके पर पहुंची है। मिली जानकारी के मुताबिक देसाईनगर में जय श्री महाकाल टूर एंड ट्रेवल्स है। इसके संचालक शैलेष निर्मल निवासी लक्ष्मीनगर है।
उसके भाई जयप्रकाश निर्मल ने बताया कि उनके यहां काम करने वाला ड्राइवर ईश्वर डांगी निवासी दताना-मताना शुक्रवार को श्रद्धालुओं को ओंकारेश्वर दर्शन करवाने गया था। देर रात 1 से 1.30 बजे के बीच वह वापस लौटा और ट्रेवलर को बीमा अस्पताल परिसर में खड़ा कर उसी में सो गया। सुबह वह गाड़ी में मृत मिला। सूचना पर माधवनगर पुलिस मौके पर पहुंची और लाश को अस्पताल भेजा है। मृतक करीब 15 दिन पहले ही काम पर लगा था।









