पहले आ रहा था 250 रु. का बिजली बिल, अब 3 हजार आ रहा, परेशान शख्स ने लगाई गुहार

अक्षरविश्व न्यूज:उज्जैन। बिजली के बिल ज्यादा आने से परेशान एक शख्स ने न्याय की गुहार लगाई है। उसका कहना है कि पहले 250 रुपए का बिल आता था लेकिन अब बेहिसाब ढाई से तीन हजार रुपए के बिल भेजे जा रहे हैं, जबकि घर में कोई नहीं रहता।
दरअसल, नानाखेड़ा क्षेत्र की कृष्णा विहार कॉलोनी में रहने वाले देवेंद्र कोठारी ने बताया कि वह किराए से रहते हैं और पटनी बाजार में उनकी ज्वैलरी की शॉप है। पत्नी का निधन हो चुका है और वह बेटा और बेटी के साथ रहते हैं। हमारा मीटर भी अलग है। तीन महीने पहले तक उनका बिल 200 से 250 रुपए तक आता था लेकिन तीन महीनों से अचानक यह बढक़र आ रहा है।

फरवरी में 999 रुपए का बिल आया। इसके बाद 3 हजार से ज्यादा का आया और अब मई का 2758 रुपए का बिल भेज दिया है, जबकि मैं अपने बेटे के साथ सुबह शॉप पर चला जाता हूं और बेटी मौसी के यहां रहती है इसलिए घर बंद रहता है। बावजूद इसके लगातार ज्यादा राशि का बिल भेजा जा रहा है। इसके अलावा रोज सुबह बिजली कटौती भी की जाती है। इस संबंध में कई बार महाश्वेतानगर झोन में शिकायत की लेकिन संबंधित अधिकारी समस्या हल नहीं कर रहे।
इनका कहना
पहले सर्दी का मौसम था लेकिन अब गर्मी का मौसम है, इससे अंतर पड़ता है। यदि उपभोक्ता का लगता है कि मीटर तेज चल रहा है या उसमें कोई गड़बड़ी है तो वह चैक करवा सकते हैं।- बिलाल खान, जेई, महाश्वेतानगर झोन









