कुख्यात बदमाश का निकाला जुलूस पुलिस का सहारा लेकर चलता रहा

उज्जैन। पंवासा पुलिस ने मंगलवार को कुख्यात बदमाश का जुलूस निकाल दिया। जहां वह दादागिरी करता था उसी क्षेत्र में पुलिस का सहारा लेकर लंगड़ाते-लंगड़ाते हुए चलता रहा। उसके खिलाफ उज्जैन सहित विभिन्न जिलों में गंभीर धाराओं में 15 से ज्यादा प्रकरण दर्ज हैं। पंवासा थाने में ही डकैती और अवैध हथियार के मामले में उस पर 10 हजार का इनाम भी घोषित था। पुलिस ने उस पर एनएसए की कार्रवाई की है।

दरअसल, सोमवार रात गश्त के दौरान पिंगलेश्वर रोड पर पुलिस को देख फरार कुख्यात बदमाश अमजद पिता रहीम खान (36) निवासी ग्राम ताजपुर ने बाइक से भागने की कोशिश की। उसे पकडऩे के पुलिस ने पीछा किया तो कुछ दूर जाकर उसकी बाइक फिसल गई जिससे वह गिरकर चोटिल हो गया। इसके बाद पुलिस ने उसे पकड़ लिया। तलाशी में उसके पास से पिस्टल और एक जिंदा कारतूस मिला जिसके बाद पिस्टल, कारतूस और बाइक जब्त करते हुए आम्र्स एक्ट का प्रकरण दर्ज करते हुए गिरफ्तार किया गया। घायल होने के कारण आरोपी को इलाज के लिए चरक अस्पताल भेजा गया। मंगलवार को उसका क्षेत्र में जुलूस निकाला गया।
आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त
अमजद खान पंवासा क्षेत्र का कुख्यात बदमाश है जो वर्ष 2013 से निरंतर गंभीर आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहा है। उसके खिलाफ उज्जैन सहित अन्य जिलों के विभिन्न थानों में 15 से अधिक गंभीर धाराओं में केस दर्ज हैं। आरोपी गोवंश वध और गोमांस तस्करी का काम करता था जिससे क्षेत्र में सांप्रदायिक तनाव एवं शांति भंग होने की संभावना बनी रहती थी जिसके तहत उस पर एनएसए की कार्रवाई की गई।









