सिंहस्थ से पहले 8 करोड़ रुपए में तैयार होगा महेशधाम के दूसरे फेज का काम

पदमश्री बंशीलाल राठी की चिंता होगी दूर, कल पहले फेज का लोकार्पण
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। श्री महाकाल महेश सेवा ट्रस्ट सिंहस्थ से पहले अंकपात क्षेत्र स्थित महेशधाम का दूसरा फेज पूरा करेगा। 8 करोड़ की लागत से पूरे होने वाले फेज -2 का शिलान्यास रविवार को प्रख्यात उद्योगपति कुमार मंगलम बिड़ला की मां पदमश्री राजश्री बिड़ला करेंगी। पदमश्री बंशीलाल राठी ने महेशधाम बनाने के लिए दिल खोलकर राशि दी थी।
महेशधाम के पहले पेज में तीन मंजिला भवन तैयार किया गया है। इसमें एक हॉल और 46 कमरे हैं। ट्रस्ट अध्यक्ष जयप्रकाश राठी, कैलाश डागा, नवलकिशोर माहेश्वरी, लक्ष्मीनारायण मूंदड़ा, अजय मूंदड़ा, पंकज कैला और पुष्कर बाहेती ने महेशधाम बनाने का सपना देखा था। अब यह हकीकत में बदल गया है।
जयप्रकाश राठी ने बताया कि धाम के पहले फेज के लोकार्पण के साथ दूसरे फेज की आधारशिला भी रखी जाएगी। 8 करोड़ की लागत वाले दूसरे फेज में 50 कमरे और एक हॉल बनाया जाएगा। दोनों मंजिल तक जाने के लिए दो लिफ्ट भी लगाई जाएंगी। कोशिश रहेगी कि सिंहस्थ के पहले दूसरा फेज भी पूरा हो जाए। इसके बनने से देशभर के माहेश्वरी बंधुओं को ठहरने के लिए अच्छा स्थान उपलब्ध हो जाएगा।









