21 जून को कुछ समय के लिए गायब होगी परछाई

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। 21 जून को दोपहर में परछाई गायब हो जाएगी। यह खगोलीय घटना कर्क रेखा के कारण होगी जो शहर के पास से गुजरती है। इस दिन सूर्य कर्क रेखा पर लंबवत होगा। जिससे कुछ समय के लिए परछाई दिखाई नहीं देती है। इसे जीरो शैडो डे या नो शैडो डे भी कहा जाता है। जीवाजी वेधशाला में बादल नहीं होने की स्थिति में धूप निकलने पर इस घटना को शंकू यंत्र के माध्यम से शहरवासी प्रत्यक्ष देख सकेंगे।

शासकीय जीवाजी वेधशाला के अधीक्षक डॉ. आरपी गुप्त ने बताया कि पृथ्वी के सूर्य के चारों ओर घूमने (परिक्रमण) के कारण सूर्य हमें कर्क रेखा से मकर रेखा के बीच गति करता दिखाई देता है। परिक्रमण पथ की स्थिति में सूर्य 21 जून को उत्तरी गोलाद्र्ध में कर्क रेखा पर लंबवत होगा। इस दिन सूर्य की क्रांति 23 अंश 26 कला 17 विकला उत्तरा होगी। उज्जैन कर्क रेखा के नजदीक स्थित है इसलिए शनिवार को स्थानीय समय दोपहर 12 बजे (भारतीय मानक समय 12.28 बजे) पर सूर्य, कर्क रेखा पर लंबवत होने के कारण परछाई कुछ समय के लिए शून्य हो जाएगी।
दिन 13 तो रात 10 घंटे की: 21 जून को सूर्य अपने अधिकतम उत्तरी बिंदु कर्क रेखा पर होने से उत्तरी गोलाद्र्ध में दिन सबसे बड़ा और रात सबसे छोटी होगी। शनिवार को दिन 13 घंटे 34 मिनट और रात 10 घंटे 26 मिनट की होगी। इसके अगले दिन से सूर्य की गति दक्षिण की ओर दृष्टिगोचर होगी, इसे दक्षिणायन का प्रारंभ कहते हंै। इससे उत्तरी गोलाद्र्ध में दिन छोटे होने लगेंगे। 23 सितंबर को दिन-रात बराबर होंगे।









