Popup Image
Advertisement

कार्यों की गुणवत्ता में कोई समझौता नहीं होगा

उज्जैन आए रेलवे के महाप्रबंधक ने विकासकार्यों का निरीक्षण करने के बाद अधिकारियों से कहा

Advertisement

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। सिंहस्थ और सावन में यात्रियों की संख्या को देखते हुए रेलवे जीएम रामश्राय पांडे ने यात्रियों को आधुनिक, सुरक्षित एवं सुविधाजनक रेल सेवाएं उपलब्ध करवाने के लिए चल रहे कार्यों का सोमवार को बारीकी से निरीक्षण किया। जीएम ने अधिकारियों की मीटिंग भी ली और क्षेत्र में चल रहे सभी कार्य गुणवत्ता के साथ समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। अवंतिका एक्सप्रेस से आए जीएम ने दिनभर बैठक की, निरीक्षण किया और अवंतिका एक्सप्रेस से ही मुंबई रवाना हुए।

जीएम के दौरे को लेकर रेलवे स्टेशन पर सोमवार सुबह से अधिकारी व्यस्त रहे। सुबह सबसे पहले जीएम ने रेलवे प्लेटफॉर्म का निरीक्षण किया। निरीक्षण के बाद भगवान महाकाल के दर्शन करने चले गए। दर्शन करने के बाद रेलवे स्टेशन पहुंचे और अवंतिका होटल स्थित वीआईपी हॉल में अधिकारियों की मीटिंग ली। मीटिंग में उन्होंने निर्देश दिए कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता के साथ किसी प्रकार का समझौता स्वीकार्य नहीं होगा। मीटिंग के बाद स्पेशल कोच से उन्होंने पहले पिंगलेश्वर रेलवे स्टेशन का मुआयना किया और पंवासा का। यहीं से वे विक्रम नगर भी गए।

Advertisement

विक्रमनगर का मुआयना कर वे मोहनपुरा तथा चिंतामण गणेश और नई खेड़ी पहुंचे। पिंगलेश्वर और चिंतामण गणेश आदि स्टेशनों का निरीक्षण करने के बाद जीएम नई खेड़ी तरफ चले गए। वहां से लौटने के बाद दोपहर करीब 4 बजे निर्माणाधीन ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट का निरीक्षण किया। निरीक्षण करीब एक घंटा चला। शाम 5 बजे उन्होंने उपभोक्ता सलाहकार समिति सदस्यों से तथा 5:30 बजे से रेलवे कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधियों से चर्चा की। निरीक्षण के दौरान रतलाम मंडल के डीआरएम अश्विनी कुमार, एडीआरएम अक्षय कुमार सहित मंडल के सभी अधिकारी उपस्थित थे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार उन्हें पत्रकारों से चर्चा भी करना थी परंतु निरीक्षण के दौरान समय ज्यादा बीत जाने के कारण पत्रकार वार्ता टल गई। शाम 6 बजे अवंतिका ट्रेन से वापस मुंबई रवाना हो गए।

यात्रियों की सुविधा प्राथमिकता : रेलवे स्टेशनों के निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक ने यात्रियों की सुविधाओं के विस्तार की जानकारी ली एवं मीटिंग में निर्माणाधीन कार्यों की समीक्षा की। प्लेटफॉर्म विस्तार, परिसंचरण तथा आधारभूत संरचना संबंधी कार्यों का सूक्ष्म परीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करना होगा तभी प्रत्येक परियोजना को समय पर पूरा किया जा सकेगा। उन्होंने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता, सुरक्षा मानकों तथा कार्य की नियमित मॉनिटरिंग पर विशेष बल दिया।

Advertisement

Related Articles

📢 पूरी खबर पढ़ने के लिए

बेहतर अनुभव के लिए ऐप का उपयोग करें

ऐप में पढ़ें
ऐप खोलें
ब्राउज़र में जारी रखें