टीवीसी मोटर्स ने मांगी 300 एकड़ जमीन बाइक व स्कूटर यूनिट लगाने की तैयारी

भारत के उद्योग जगत में लहरा रहा विक्रम उद्योगपुरी का परचम
दूसरा फेज पूरा होने के बाद अब तीसरे फेज बनेगा, जल्द ही नई जमीन अधिग्रहित होगी
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। सीएम डॉ. मोहन यादव के प्रयासों से भारत के उद्योग जगत में विक्रम उद्योगपुरी का परचम लहरा रहा है। सीमन्स, वॉल्वो-आयशर, अदाणी ग्रुप, पेप्सिको, अमूल जैसे बड़े ब्रांड के बाद अब टीवीएस मोटर्स ने बाइक एवं स्कूटर यूनिट के लिए 300 एकड़ जमीन की डिमांड की है। पहला और दूसरा फेज फुल होने के बाद अब मध्यप्रदेश औद्योगिक विकास निगम (एमपीआईडीसी) का रीजनल कार्यालय तीसरे फेस की तैयारी कर रहा है। इस बार 1 हजार हेक्टेयर जमीन को अधिग्रहित करने की योजना है।
दरअसल, विक्रम उद्योगपुरी उद्योग जगत की पंसद कई कारणों से बनी हुई है। पहला सबसे बड़ा कारण यहां विकसित किया गया इंफ्रास्ट्रक्चर है। बड़े प्लॉट, 24 घंटे बिजली, गैस और पानी की सुविधा यहां मौजूद है। दूसरा बड़ा कारण इस उद्योगपुरी का चारों तरफ हाईवे से घिरा होना भी है। उज्जैन के आसपास से कई स्टेट और कई नेशनल हाईवे गुजरते हैं। इनमें देवास-बदनावर, इंदौर-उज्जैन, उज्जैन-झालावाड़, उज्जैन-गरोठ, उज्जैन-जावरा शामिल हैं। यह हाईवे आगे चलकर उन हाईवे से जुड़ते हैं जो महानगरों तक जाते हैं। इसी तरह उज्जैन से देश के कोने-कोने के लिए रेल कनेक्टिविटी भी है। ऐसे में विक्रम उद्योगपुरी उद्योग जगत की पहली पसंद बनी हुई है।
श्रमिकों की आसानी से उपलब्धता, हॉस्टल का निर्माण अंतिम चरण में
विक्रम उद्योगपुरी में उद्योगपतियों को बेस्ट इंफ्रा तो मिल ही रहा है, यहां श्रमिकों की उपलब्धता भी है। चूंकि अब अधिकतर प्लांट ऑटोमेटिक हैं, ऐसे में महिला कर्मचारियों की मांग भी काफी है। इसके चलते उद्योगपुरी में 1.55 हेक्टेयर क्षेत्र में 66.36 करोड़ की लागत से महिला हॉस्टल बनाया जा रहा है। यह हॉस्टल आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा।
गार्ड रूम, सीसीटीवी कैमरे के साथ परिसर में शॉप्स भी रहेंगी। ताकि महिलाओं को उनकी जरूरत का सामान हॉस्टल परिसर में ही मिल जाए। हॉस्टल में किचन, डायनिंग एरिया, हेल्थ सेंटर के साथ लाइब्रेरी भी रहेगी। छह मंजिला हॉस्टल के ग्राउंड फ्लोर पर पार्किंग, फस्र्ट फ्लोर पर किचन, डायनिंग एरिया, हेल्थ सेंटर, लायब्रेरी और शेष फ्लोर पर डॉरमेट्री और रूम होंगे। एक रूम में दो लोग रह सकेंगे, जबकि डॉरमेट्री की क्षमता 18 से लगाकर 28 बेड की होगी।
टीवीएस मोटर्स ने जगह मांगी है
टीवीएस मोटर्स ने स्कूटर एवं बाइक यूनिट के लिए 300 एकड़ जगह मांगी है। दोनों फेज फुल होने के बाद उन्हें इंतजार का कहा है। तीसरे फेज के लिए जमीन अधिग्रहण की योजना बनाई जा रही है। अब तक 2500 एकड़ जमीन पर उद्योग लगने का रास्ता साफ हो चुका है।
राजेश राठौर
ईडी, एमपीआईडीसी, उज्जैन।









