हादसे का रूप देकर की थी हत्या, अब आरोपी को उम्रकैद

मक्सी बायपास ब्रिज के नीचे हुई थी वारदात, एक की मौत और दूसरा हुआ था गंभीर घायल
पांच साल बाद कोर्ट ने सुनाई सजा, 15 हजार रुपए का जुर्माना भी लगाया
अक्षरविश्व न्यूज देवास। मक्सी बायपास चौराहे पर ब्रिज के नीचे पिकअप वाहन से मोटरसाइकिल को टक्कर मारकर एक व्यक्ति की हत्या करने के मामले में न्यायालय ने आरोपी को आजीवन सश्रम कारावास की सजा सुनाई है। करीब छह साल पुराने इस मामले में प्रथम अपर सत्र न्यायाधीश उमाशंकर अग्रवाल ने 17 नवंबर को आरोपी इरशाद खान (निवासी ग्राम सियापुरा, देवास) को दोषी ठहराते हुए उम्रकैद के साथ 15 हजार रुपए के अर्थदंड से दंडित किया।
घटना 29 मई 2020 की है। मक्सी बायपास चौराहे पर ब्रिज के नीचे आरोपी इरशाद खान और उसके साथियों ने पिकअप वाहन से एक मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी थी। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई थी, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हुआ था। मामले में फरियादी अकबर पिता सिकंदर खान की रिपोर्ट पर बैंक नोट प्रेस थाने में आरोपी के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास और अन्य धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया था।
मामले की जांच निरीक्षक तारेश सोनी ने की थी। पुलिस ने घटनाक्रम से जुड़े महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाकर न्यायालय में चालान पेश किया। सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष की ओर से अतिरिक्त लोक अभियोजक जयंती पौराणिक ने प्रभावी पैरवी की। प्रस्तुत साक्ष्यों के आधार पर न्यायालय ने आरोपी इरशाद खान को भारतीय दंड संहिता की धारा 302 सहपठित धारा 34 के तहत दोषी मानते हुए आजीवन सश्रम कारावास की सजा सुनाई। प्रकरण में न्यायालयीन कार्यवाही और समन-वारंट की तामीली में कोर्ट मोहर्रिर आरक्षक विष्णु कचनार, कोर्ट मुंशी आरक्षक रविदास सोलंकी व ओमप्रकाश जाट तथा वारंट मुंशी प्रधान आरक्षक सुनील पटेल की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही।









