यूडीए ओवरब्रिज रतलाम से मंजूर अब मुंबई से हरी झंडी का इंतजार

नागझिरी से विक्रमनगर रेलवे स्टेशन तक बनेगा 50 करोड़ का ब्रिज

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। नागझिरी से विक्रमनगर रेलवे स्टेशन तक दिवस रोड पर ओवरब्रिज बनाने की योजना अब रेलवे के मुंबई हेडक्वार्टर पहुंच गई है। रतलाम रेलवे के अधिकारियों ने इसे स्वीकृत कर दिया है। उज्जैन विकास प्राधिकरण (यूडीए) इसे करीब 50 करोड़ रुपए से बनाने की तैयारी कर रहा है।
यूडीए का यह पहला ओवरब्रिज होगा।प्रस्तावित अलाइनमेंट के अनुसार यह ब्रिज 1050 मीटर लंबा बनेगा। हालांकि वैकल्पिक अलाइनमेंट भी रेलवे को भेजा गया है। रेलवे से स्वीकृति मिलने के बाद डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) और एस्टीमेट बनाई जा सकेगी। यह ब्रिज देवास रोड पर नागझिरी क्षेत्र को विक्रम नगर रेलवे स्टेशन से जोड़ेगा, जिससे यूडीए के विक्रम नगर रेलवे स्टेशन के पास प्रस्तावित नया नगर बसाने की योजना में आसानी होगी। अभी विक्रमनगर स्टेशन की तरफ आने के लिए लोगों को लंबा चक्कर लगाना पड़ता है। ब्रिज बनने से लोग नागझिरी उद्योगपुरी से सीधे विक्रम नगर आ जा सकेंगे। यूडीए के अधिकारियों ने ब्रिज की डिजाइन रतलाम से मंजूर होकर मुंबई रेलवे हेडक्वार्टर पहुंचने की पुष्टि की है।
सिंहस्थ में भी होगा उपयोगी
यह ओवरब्रिज सिंहस्थ से पहले बनकर तैयार हुआ तो श्रद्धालुओं को भी आसानी होगी। हालांकि ब्रिज की लंबाई अधिक होने और समय की कमी के कारण इसमें कई मुश्किलें आ सकती है। ब्रिज बनने पर देवास रोड से आने वाले लोग शहर में एंट्री किए बिना ही मक्सी रोड और आगर रोड की तरफ जा सकेंगे।









