जेल में बंद आरोपी की एक जानकारी ने खोल दिया बड़े तस्करी नेटवर्क का राज

उज्जैन। बडऩगर पुलिस ने अंतर्राज्यीय गांजा तस्कर को पकड़ा है जो ओडिशा से मादक पदार्थ बेचने के लिए आया था। उससे 5.165 किलो गांजा जब्त किया है जिसकी कीमत 1.29 लाख रुपए है। आरोपी की गिरफ्तारी पूर्व में पकड़ाए आरोपी की निशानदेही पर की गई। शुक्रवार को उसे कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया।
बडऩगर थाना प्रभारी अशोक कुमार पाटीदार ने बताया 4 जून को मुखबिर ने बताया कि एक संदिग्ध व्यक्ति पीथाखेड़ी हनुमान मंदिर के सामने रतलाम रोड (बडऩगर) पर खड़ा है जो किसी के आने का इंतजार कर रहा है। इस पर एसआई सुरेंद्र सिंह गरवाल और टीम मुखबिर द्वारा बताई जगह पर पहुंची तो उक्त शख्स भागने की कोशिश करने लगा जिसे घेराबंदी कर दबोचा गया।
पूछताछ में उसने अपना नाम अनंत मलिक पिता निधि मलिक (23) निवासी ड़ंगरपाड़ा थाना फिरिंग्या जिला कंधमाल, ओडिशा का होना बताया। उसके बैग की तलाशी लेने पर प्लास्टिक की थैली गांजा मिला जो वह ओडिशा से बेचने के लिए लाया था।
उसके कब्जे से 5 किलो 165 ग्राम गांजा जब्त किया जिसकी कीमत 1.29 लाख रुपए है। पुलिस ने आरोपी अनंत मलिक के खिलाफ एनडीपीएस में केस दर्ज किया है। उसके खिलाफ ओडिशा में भी पहले से आबकारी एक्ट में केस दर्ज है। शुक्रवार को उसे कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
यहां आकर लगाता था कॉल
आरोपी अनंत मलिक बडऩगर आकर किसी को कॉल लगाता था। इसके संबंध में पूर्व में गिरफ्तार आरोपी जो वर्तमान में जेल में है, ने जानकारी दी थी जिसके आधार पर पुलिस पीछे लगी हुई थी जिसे बाद में पकड़ा गया।
अशोक कुमार पाटीदार टीआई, थाना बडऩगर









