Advertisement

मां ने बेटे को जहर देकर खुद भी खाया, दोनों की मौत

उज्जैन जिले के झारड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम लसुडिया गोयल में मंगलवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। यहां एक महिला ने अपने 8 वर्षीय बेटे को जहरीला पदार्थ देने के बाद खुद भी जहर खा लिया, जिससे इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई।

अक्षरविश्व न्यूज:उज्जैन। झारड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम लसुडिय़ा गोयल में मंगलवार को एक बेहद दर्दनाक घटना हुई। जहां एक मां ने अपने 8 साल के मासूम बेटे को जहरीली गोली खिलाने के बाद खुद भी जहर खा लिया। परिजनों ने जब दोनों की हालत बिगड़ती देखी तो तत्काल उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे लेकिन इलाज के दौरान मां और बेटे ने दम तोड़ दिया।

 

Advertisement

प्राप्त जानकारी के अनुसार लसुडिय़ा गोयल में रघुसिंह तंवर का परिवार संयुक्त रूप से रहता है। मंगलवार सुबह लगभग करीब 6.30 बजे रघुसिंह की पत्नी सीमाबाई (35) और उनका 8 वर्षीय पुत्र राजवीर अचानक उल्टियां करने लगे। सीमाबाई के जेठ शिवसिंह तंवर ने जब दोनों की हालत देखी तो परिवार के अन्य सदस्यों के साथ उन्हें तुरंत आगर अस्पताल ले गए।

जहां डॉक्टरों ने सीमाबाई को मृत घोषित कर दिया, जबकि राजवीर की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे उज्जैन रैफर किया। उज्जैन के एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाने के कुछ देर बाद राजवीर ने भी दम तोड़ दिया। नीलगंगा पुलिस ने मर्ग कायम कर बालक के शव का पीएम करवाया, वहीं मां का पोस्टमार्टम आगर में किया गया।

Advertisement

अलग-अलग स्थानों पर हुआ अंतिम संस्कार

मृतक सीमाबाई का मायका आगर के पास ग्राम मैहरखेड़ी में था। आगर अस्पताल में मौत होने से उनका अंतिम संस्कार मायके पक्ष द्वारा मैहरखेड़ी में ही किया गया। वहीं, उज्जैन में दम तोडऩे वाले मासूम राजवीर के शव को पैतृक गांव लसुडिय़ा गोयल ले जाकर उसका अंतिम संस्कार हुआ। इस दोहरी मौत से पूरे गांव में मातम का माहौल है।

Advertisement

मन्नत और इलाज के बाद गूंजी थी किलकारी

परिवारजनों का कहना है घर में किसी प्रकार का कोई मनमुटाव या विवाद नहीं था। सीमा और रघुसिंह की शादी के कई सालों बाद तक कोई संतान नहीं हुई थी। काफी इलाज और मन्नतों के बाद सीमा ने जुड़वा बच्चों (एक बेटा और एक बेटी) को जन्म दिया था। बेटी अपने मामा के घर मैहरखेड़ी में रह रही थी, जबकि राजवीर माता-पिता के साथ गांव में रहता था। जिस बच्चे को इतनी मन्नतों के बाद पाया, उसकी मौत से हर कोई स्तब्ध है।

बयान के बाद कारण सामने आएगा

परिवारजन बेहद गमगीन हैं। आत्महत्या की ठोस वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। घटनाक्रम के बाद पुलिस उनके घर पहुंची थी लेकिन परिवार के सदस्य आगर और उज्जैन में होने से शुरुआती तौर पर अधिक जानकारी नहीं मिली। प्रथमदृष्टया माना जा रहा है कि किसी पारिवारिक विवाद या तनाव के चलते यह दु:खद घटना हुई है। जांच के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी।– आनंद भाबोर, टीआई, झारड़ा

Related Articles

📢 पूरी खबर पढ़ने के लिए

बेहतर अनुभव के लिए ऐप का उपयोग करें

ऐप में पढ़ें
ऐप खोलें
ब्राउज़र में जारी रखें