सीएम राइज सांदीपनि स्कूल में हंगामा

लंबे पीरियड से उबे निजी स्कूलों से आए विद्यार्थी
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। दाउदखेड़ी स्थित सीएम राइज स्कूल (सांदीपनि) में बुधवार की सुबह निजी स्कूलों से दाखिला लेने वाले विद्यार्थियों ने जमकर हंगामा किया। वह स्कूल के लंबे पीरियड से परेशान थे और इनका समय कम करने की मांग कर रहे थे। प्राचार्य एसएस अहिरवार ने विद्यार्थियों को साफ किया कि पीरियड का समय कम करना उनके हाथ में नहीं है, क्योंकि टाइमिंग लोक संचालानय तय करता है।
दरअसल, पढ़ाई का स्टैंडर्ड बेहतरीन होने से सांदीपनि स्कूल में विद्यार्थियों की संख्या लगातार बढ़ रही है। नर्सरी से कक्षा 12 वीं तक संचालित होने वाले इन स्कूलों में ऐसे में निजी स्कूल के विद्यार्थी भी एडमिशन ले रहे हैं। फिलहाल स्कूल सुबह 10.20 से 4.40 तक लग रहे हंै। विद्यार्थियों को उनके घरों से लाने ले जाने के लिए बस सुविधा भी है। स्कूल का यह समय ही निजी स्कूल से आए विद्यार्थियों को पसंद नहीं आ रहा है। वह सुबह जल्दी स्कूल चाह रहे हैं। वह यह भी चाह रहे हैं कि पीरियड का टाइम कम किया जाए। अभी ४०-४० मिनट के आठ पीरियड लगते हैं।
पहले छह पीरियड सब्जेक्ट की पढ़ाई, एक खेल और एक कमजोर विद्यार्थियों की कमियां दूर करने का होता है। इस बीच लंच ब्रेक भी मिलता है। प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थी चाहते हैं कि स्कूल सुबह शुरू हो और दोपहर २ बजे तक खत्म हो जाए। ऐसा करना संभव नहीं है, क्योंकि पूरे प्रदेश में एक जैसा शेड्यूल सांदीपनि स्कूलों के लिए तय किया गया। बुधवार को प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्राचार्य एसएस अहिरवार ने आश्वस्त किया कि वह संचालानय को इस संबंध में अवगत कराएंगे। अगर वहां से अनुमति मिलती है तो समय बदल दिया जाएगा। प्राचार्य ने बताया कि निजी स्कूल से एडमिशन लेने वाले विद्यार्थी समय कम करने की मांग कर रहे थे। उन्हें समझाया है।
डीईओ भी पहुंचे स्कूल
हंगामे की सूचना मिलने पर प्रभारी डीईओ महेंद्र खत्री स्कूल पहुंचे और विद्यार्थियों से जानकारी ली है। प्राचार्य एसएस अहिरवार ने बताया कि बच्चों को समझाइश दी है उन्हें बताया है कि पीरियड में परिवर्तन करने का अधिकार उन्हें नहीं है।









