इंदौर-उज्जैन रोड पर यातायात कंट्रोल के लिए ड्रोन का सहारा

फिलहाल एक ड्रोन से निगरानी, 8 जवान भी तैनात, इससे मिली राहत

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। शहर में जाम की समस्या आम हो चली है। जगह-जगह चल रहे निर्माण कार्यों के चलते सड़कों पर वाहन रेंग रहे हैं। एक वाहन के भी रुकने पर वाहनों की रेलमपेल मच जाती है और सड़कों पर लंबा जाम लग जाता है जिसमें सबसे ज्यादा परेशानी वाहन चालकों को होती है जो घंटों इसमें फंसे रहते हैं। इस मुश्किल को निर्माण कार्यों के चलते उड़ रही धूल और मिट्टी ने और बढ़ा दिया है जिससे लोगों में सांस की तकलीफ के केसेस भी बढ़ रहे हैं।
दरअसल, सबसे ज्यादा परेशानी उज्जैन-इंदौर रोड पर हो रही है। यहां सिक्सलेन निर्माण के चलते रोज दिन में कई बार वाहनों का जाम लग रहा है। तमाम कोशिशों के बाद भी पुलिस का समाधान नहीं खोज सकी है लेकिन अब बढ़ती परेशानी के चलते और ट्रैफिक को नियंत्रित करने के लिए एसपी के निर्देश पर ड्रोन का सहारा लिया जा रहा है। शनिवार से इसकी शुरुआत हुई है। इसके अलावा सड़क के दोनों ओर 8 जवानों को तैनात किया है, साथ ही पेट्रोलिंग के लिए चार्ली टीमों को भी लगाया है। मार्ग पर ट्रैफिक का दबाव बढऩे पर ड्रोन ऑपरेटर कंट्रोल रूम को सूचित करता है जिसके बाद चार्ली टीम मौके पर पहुंचकर जाम खुलवाती है। पुलिस का दावा है कि इससे पहले की अपेक्षा स्थिति में सुधार हुआ है।
दर्शनार्थियों के आने से बढ़ रहा ट्रैफिक
दरअसल, श्री महाकाल लोक बनने के बाद से भगवान महाकाल के दर्शन करने आने वाले दर्शनार्थियों की संख्या में रिकॉर्डतोड़ इजाफा हुआ है। देशभर से रोज हजारों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं और पर्व-त्यौहारों में यह तादाद और बढ़ जाती है। अधिकांश श्रद्धालु अपने वाहनों सेे इंदौर से होते हुए उज्जैन में प्रवेश करते हैं जिससे उज्जैन-इंदौर वाहनों का दबाव बढ़ जाता है और वर्तमान में सिक्सलेन का काम चलने के साथ शादियों की भरमार है जिससे भी आए दिन जाम लग रहा है। खासकर वीकेंड और अवकाश के दिनों में यह स्थिति अधिक गंभीर हो जाती है।
अब जाम नहीं लग रहा
उज्जैन-इंदौर रोड पर टै्रफिक कंट्रोल के लिए शनिवार से ड्रोन का इस्तेमाल शुरू किया है। अभी एक ही ड्रोन से निगरानी की जा रही है। इसके अलावा 8 जवानों को भी तैनात किया है। इसका असर यह हुआ है कि अब जाम नहीं लग रहा है।
– दिलीप सिंह परिहार
डीएसपी, ट्रैफिक









