उज्जैन-गरोठ हाईवे पर जल्द दौड़ेंगी गाडिय़ां, गडकरी करेंगे लोकार्पण

बदनावर में समारोह की तैयारी, उज्जैन-बदनावर फोरलेन का भी होगा लोकार्पण

अक्षरविश्व न्यूज|उज्जैन। उज्जैन को सीधे दिल्ली मुंबई एक्सप्रेस हाईवे से जोडऩे वाले उज्जैन गरोठ हाईवे और देवास, उज्जैन बदनावर फोरलेन का लोकार्पण 7 अप्रैल को केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा किए जाने की संभावना है। प्रशासन ने इसकी तैयारी शुरू कर दी है। इससे दोनों हाईवे पर गाडिय़ां 100 किलोमीटर की रफ्तार से सरपट दौड़ सकेंगी।
लोकार्पण समारोह बदनावर में आयोजित करने की तैयारी शुरू कर दी गई है। कलेक्टर नीरज कुमार सिंह के अनुसार राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने इसकी तैयारी शुरू कर दी है। दिल्ली मुंबई एक्सप्रेस हाईवे से उज्जैन को जोडऩे के लिए 160 किलोमीटर लंबा हाईवे 2660 करोड़ लागत से बनाया गया है। उज्जैन से खेड़ा खजूरिया के 41 किलोमीटर हिस्से का काम भी अंतिम चरण में है।
उज्जैन से मुम्बई, दिल्ली और वडोदरा जाने के लिए यह हाईवे सुविधाजनक होगा। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण कोशिश कर रहा है कि 7 अप्रैल को इसका लोकार्पण भी हो जाए। देवास उज्जैन बदनावर रोड का लोकार्पण तय है। केंद्रीय मंत्री गडकरी इसके लिए बदनावर आएंगे।1300 करोड़ रुपयों से तैयार देवास उज्जैन बदनावर रोड: देवास उज्जैन बदनावर रोड 1300 करोड़ रुपयों से अधिक की लागत से बनकर तैयार हुआ है। इसके बनने से करीब 70 किलोमीटर की यात्रा महज 50 मिनट में पूरी की जा सकती है। इसे नेशनल हाईवे का दर्जा भी दिया जा चुका है।
90 गांवों से गुजरेगा हाईवे
उज्जैन-गरोठ हाईवे का काम 2022 में शुरू किया गया था, जिसे 2024 में ही पूरा करना था लेकिन हाईवे के अफसरों की अनदेखी से इसे अब तक पूरा नहीं किया जा सका। उज्जैन-गरोठ हाईवे करीब 90 गांवों से होकर बनाया गया है। इसमें उज्जैन के 13, घटिया के 10, महिदपुर के 20 गांव भी शामिल है। उज्जैन तराना रोड पर कानीपुरा के पास फ्लाईओवर बनाया गया है। इस हाइवे के चालू होने से उज्जैन से गरोठ तक का सफर केवल डेढ़ घंटे में हो सकेगा।









