प्री-मानसून में अब तक 4 इंच से ज्यादा बारिश बोवनी करें, पर कम पानी की फसल पर दें जोर

अक्षरविश्व न्यूज:उज्जैन। मानसून ने भले ही अभी शहर में आमद नहीं दी हो लेकिन प्री-मानसून ने बोवनी का माहौल बना दिया है। तीन दिन में चार इंच से ज्यादा बारिश हो चुकी है और ऐसे में बोवनी शुरू की जा सकती है। हालांकि अलनीनो को देखते हुए इस बार कम पानी वाली फसल लेना ठीक होगा।

दरअसल, इस बार अरब सागर से आने वाला मानसून अभी तक महाराष्ट्र में अटका हुआ है। दो दिन पहले ही यह मुंबई पहुंचा है। हालांकि इससे पहले ही प्री-मानसून की जोरदार बारिश शुरू हो गई है। पिछले तीन दिन में ही साढ़े तीन इंच से ज्यादा पानी गिर चुका है। जून की माने तो अब तक १०८ मिमी बारिश हो चुकी है। बीते दिन में भी दोपहर के समय जोरदार बारिश हुई। हालांकि वेधशाला में इस दौरान ९ मिमी बारिश ही रिकॉर्ड की गई। अमूमन जून में ५ इंच तक बारिश होती है। अभी महीने के ७ दिन शेष है और जिस तरह प्री-मानसून बरस रहा है यह आंकड़ा भी पूरा होने की उम्मीद है। हालांकि मानसून अभी उज्जैन से दूर है।
फसल चक्र बदलने की अपील
अलनीनो के प्रभाव से इस बार मानसून में ड्राई स्पेल ज्यादा रहने की आशंका है। ऐसे में कृषि विभाग ने फसल चक्र बदलने की अपील किसानों से की है। कृषि विभाग के उपसंचालक यूएस तोमर ने कहा कि तीन इंच पानी गिर चुका है। ऐसे में बोवनी शुरू की जा सकती है। हालांकि इस बार फसल चक्र बदलने की जरूरत है, क्योंकि अलनीनो के प्रभाव से ड्राई स्पेल लंबे हो सकते हैं। ऐसे में सोयाबीन फसल का उत्पादन प्रभावित हो सकता है। तोमर ने कहा कि किसान मूंग, उड़द को वैकल्पिक फसल के तौर पर बो सकते हैं। तराना-महिदपुर में मूंगफली भी बोई जा सकती है। यहां की मिट्टी हल्की है।
आगे क्या
बारिश कब-कब मंगलवार और बुधवार को भी बारिश का अलर्ट है। गुरुवार-शुक्रवार को धूप निकल सकती है। शनिवार से फिर से पानी गिरने की संभावना है।
तापमान- दिन का तापमान ३२ से ३६ डिग्री और रात का तापमान २२ से २६ के बीच रहने का अनुमान है।
हवा से राहत- तेज हवा से फिलहाल राहत रहेगी। यह ४ से ६ किमी प्रतिघंटे तक रह सकती है। मौसम सुबह और शाम के समय खुशनुमा रहेगा।
बारिश अब तक १०८ मिमी: २० जून को सबसे ज्यादा ५९ मिमी, २१ जून को २५.६ मिमी और २२ जून को ९ मिमी बारिश हुई।









