Advertisement

दिनदहाड़े चाकू से गोदकर युवक की निर्मम हत्या, अस्पताल पहुंचने से पहले ही तोड़ा दम

चालीसवें में शामिल होने उन्हेल से नागदा आया था, पुरानी रंजिश इस बार हत्या में बदली

Advertisement

एक माह पहले मिली थी जान से मारने की धमकी, महिला एसआई ने गोद में उठाकर पहुंचाया अस्पताल

अक्षरविश्व न्यूज नागदा। जिस घर में पहले से मातम पसरा था और परिजन चालीसवें की रस्म निभा रहे थे, वहां कुछ ही घंटों बाद एक और चीख-पुकार गूंज उठी। बहन के घर उधेला से चालीसवें कार्यक्रम में शामिल होने आए जफर पिता मुन्ना शाह (२१) की बुधवार शाम दिनदहाड़े चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी गई। घायल युवक को बचाने के लिए पुलिस और लोगों ने हरसंभव प्रयास किए, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी सांसें थम गई। इस घटना ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया।

Advertisement

वारदात शाम करीब 4.30 बजे इंदिरा नगर क्षेत्र में कबाड़ी की दुकान के सामने वाली गली में हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जफर अपने साथी असलम शाह के साथ चाय पी रहा था। इसी दौरान पुराने विवाद को लेकर आरोपी शाहनवाज शाह वहां पहुंचा। दोनों के बीच पहले कहासुनी हुई, फिर आरोपी ने अचानक चाकू निकालकर जफर पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।

जफर जान बचाने के लिए दौड़ता रहा, लेकिन आरोपी लगातार चाकू से वार करता रहा। कुछ ही क्षणों में वह लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़ा। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और आरोपी मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मृतक के परिजन की रिपोर्ट पर आरोपी शाहनवाज शाह निवासी गफूर बस्ती के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया है। पूरे मामले की जांच जारी है।

Advertisement

पहले भी मिली थी जान से मारने की धमकी
मृतक के परिजन ने बताया कि करीब एक माह पहले 50 से 60 लोगों ने जफर को घेरकर जान से मारने की धमकी दी थी। इसके बाद उसकी सुरक्षा के लिए उसे बहन के यहां उधेला भेज दिया गया था। चालीसवें कार्यक्रम में शामिल होने वह नागदा आया था, लेकिन अगले ही दिन उसकी हत्या कर दी गई। परिजनं ने आरोप लगाया कि यदि पहले मिली धमकियों पर सख्त कार्रवाई होती तो आज यह घटना नहीं होती।

आजकल बहुत तेज चल रहा है…
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आरोपी ने जफर के पास पहुंचते ही कहा कि आजकल तू बहुत ज्यादा तेज चल रहा है। इसके बाद उसने बिना किसी देरी के चाकू से हमला शुरू कर दिया। बताया जा रहा है कि जफर के सीने, पेट, दोनों हाथों, कंधे और जांघ पर कई गहरे घाव मिले हैं।

पांच-छह गहरे घाव नहीं बचा सके डॉक्टर
प्रारंभिक जांच में जफर के शरीर पर पांच से छह गहरे चाकू के घाव मिले हैं। एक वार सीने को चीरते हुए फेफड़े तक पहुंच गया था। अस्पताल में डॉक्टरों ने जीवनरक्षक उपचार और इंजेक्शन दिए, लेकिन अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उसकी मौत हो गई।

शहर में पांचवीं हत्या, कानून-व्यवस्था पर सवाल : वर्ष 2026 में नागदा शहर में यह हत्या की पांचवीं वारदात है। लगातार हो रही खूनी घटनाओं से लोगों में भय का माहौल है। नागरिकों का कहना है कि अपराधियों के बढ़ते हौसले कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रहे हैं और पुलिस को अपराध नियंत्रण के लिए और प्रभावी कदम उठाने होंगे।

एसआई की वर्दी भी खून से लाल हो गई
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। महिला एसआई योगिता उपाध्याय ने गंभीर रूप से घायल जफर को अपनी गोद में उठाकर ऑटो तक पहुंचाया और तत्काल अस्पताल रवाना किया। पुलिसकर्मी की इस संवेदनशीलता की लोगों ने सराहना की, हालांकि अधिक रक्तस्राव के कारण युवक की जान नहीं बचाई जा सकी।

Related Articles

📢 पूरी खबर पढ़ने के लिए

बेहतर अनुभव के लिए ऐप का उपयोग करें

ऐप में पढ़ें
ऐप खोलें
ब्राउज़र में जारी रखें