अनाज व्यापारी की हत्या करने वाले पिता पुत्र में से एक पकड़ाया, बेटा अब भी फरार

कोर्ट ने एक दिन के रिमांड पर सौंपा, अनाज खरीदने की बात पर हुए विवाद में की थी मारपीट

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। उज्जैन जिले की बडऩगर तहसील में दो अनाज व्यापारियों के बीच विवाद के बाद हुई मारपीट में 65 वर्षीय अनाज कारोबारी की मौत हो गई थी। बडऩगर थाना पुलिस ने हत्या का केस दर्ज किया था। मामले में फरार चल रहे हत्यारे पिता-पुत्र में से पुलिस ने पिता को धार से धरदबोचा। उसे मंगलवार को कोर्ट में पेश किया जहां से एक दिन के रिमांड पर लिया है। एक आरोपी फरार है जिसकी तलाश जारी है।
टीआई अशोक कुमार पाटीदार ने बताया कि मृतक राजेंद्र कुमार उर्फ राजू पिता सौभागमल जैन निवासी व्यास कॉलोनी अनाज व्यापारी थे। तुलसी वेयर हाउस के पास उनकी अनाज खरीदने की दुकान है। उनकी दुकान के पास ही नीलेश पिता धन्नालाल शाह (45) निवासी ग्राम पलदूना और उसके 19 वर्षीय बेटे आदर्श पिता नीलेश शाह की भी अनाज खरीदने की दुकान है। 24 अप्रैल को सुबह करीब 9.15 बजे ग्राहक से अनाज खरीदने की बात को लेकर दोनों पक्षों में झगड़ा हुआ था।
यह इतना बढ़ा कि नीलेश और आदर्श शाह ने मिलकर राजेंद्र कुमार को लात-घूंसों से जमकर पीटा। छाती में चोट लगने के कारण राजेंद्र वहीं गिर गए जिन्हें तत्काल गुप्ता हॉस्पिटल ले जाया गया जहां जांच के बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद सिविल हॉस्पिटल में डॉक्टरों की पैनल ने पोस्टमार्टम किया। मामले में पुलिस ने फरियादी अंशुल जैन की रिपोर्ट पर हत्या का प्रकरण दर्ज कर आरोपियों की धरपकड़ के लिए उनके घर पर दबिश दी लेकिन वह फरार हो गए। आसपास के गांव और अन्य परिजनों के यहां भी उनका पता नहीं चला। इसी बीच मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने सोमवार को धार में दबिश देकर नीलेश शाह को धरदबोचा। मंगलवार को उसे कोर्ट में पेश किया जहां से एक दिन के रिमांड पर लिया है। फरार आरोपी आदर्श शाह की तलाश जारी है।









