इंदौर में पेट्रोल पंप पर टैंकर में लगी आग

इंदौर के मांगलिया क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक पेट्रोल पंप पर खड़े टैंकर में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। हालांकि ड्राइवर की सूझबूझ और फायर ब्रिगेड की तत्परता के चलते बड़ा हादसा होने से टल गया।
जानकारी के अनुसार घटना सुबह करीब 10 बजे अशोक लेलैंड शोरूम के सामने स्थित एक पेट्रोल पंप पर हुई। बताया जा रहा है कि खाली हो चुके टैंकर के केबिन में शॉर्ट सर्किट होने से आग भड़क गई। आग लगते ही ड्राइवर ने तेजी दिखाते हुए टैंकर को तुरंत पेट्रोल पंप से दूर ले जाकर खड़ा कर दिया, जिससे आग फैलने का खतरा कम हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और करीब एक टैंकर पानी की मदद से आग पर काबू पा लिया गया। फायर ब्रिगेड अधिकारियों के मुताबिक हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है।
एहतियात के तौर पर पुलिस ने घटना के दौरान सड़क के एक हिस्से पर यातायात रोक दिया था, जबकि दूसरी ओर से वाहनों की आवाजाही जारी रखी गई। साथ ही पेट्रोल पंप कर्मचारियों को भी तुरंत सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया।समय रहते आग बुझा दिए जाने से बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद कुछ समय तक इलाके में दहशत का माहौल बना रहा।









