एक अप्रैल से होंगे कई बदलाव…

नईदिल्ली, एजेंसी। 1 अप्रैल 2026 से नए वित्त वर्ष की शुरुआत होने जा रही है। इस दौरान कई बड़े बदलाव लागू होंगे। इसमें सबसे महत्वपूर्ण बदलाव 65 साल पुराने आयकर कानून की जगह नया कानून लागू करना है। वहीं, जहां पहले आयकर भरने या फिर आय संबंधी कामों के लिए फॉर्म 16 की जरूरत होती थी, अब इसकी जगह फॉर्म 130 लेगा। इसके साथ ही बैंकिंग, पैन कार्ड, रेलवे टिकट, फास्टैग और नई गाडिय़ों की कीमतों में बदलाव होगा। इन फैसलों का सीधा असर आपके रोजमर्रा की जिंदगी पर पड़ेगा।

वेतनभोगियों के लिए फॉर्म-16 खत्म होगा
आयकर कानून-2025 लागू होने से आयकर भरने के लिए फार्म 16 की जगह 130 का इस्तेमाल होगा। फार्म का नया रूप है। पहले भाग में नियोक्ता, बैंक की जानकारी। दूसरे में आय, टीडीएस और तीसरे में कर योग्य आय की गणना का ब्योरा होगा।
महंगा हो सकता है हवाई किराया
अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच जारी युद्ध के बीच हवाई किराया महंगा हो रहा है। घरेलू हवाई टिकटों पर लगाई गई अस्थायी किराया सीमा को हटा लिया गया है। उधर, एक अप्रैल से एविएशन टरबाइन फ्यूल (एटीएफ) के दाम बढ़ सकते हैं।
वार्षिक फास्टैग के लिए 75 अधिक देने होंगे
एनएचएआई ने फास्टैग वार्षिक पास योजना की फीस में 75 रुपए की बढ़ोतरी कर दी है। वित्त वर्ष 2026-27 के लिए अब 3,075 रुपए निर्धारित की गई है। फास्टैग वार्षिक पास देश के लगभग 1,150 टोल नाकों पर मान्य है।
वाहनों की कीमतें दो फीसदी तक बढ़ेंगी
कई वाहन निर्माता कंपनियां एक अप्रैल से वाहनों के दाम बढ़ाएंगी। इनमें टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स, मर्सिडीज-बेंज इंडिया और ऑडी शामिल है। अलग-अलग मॉडल अनुसार वाहनों के दाम दो फीसदी तक बढ़ेंगे।









