चरक अस्पताल में मिली सड़ी-गली लाश

उज्जैन। जिला अस्पताल (चरक भवन) में गुरुवार सुबह एक अज्ञात व्यक्ति की लाश बरामद की गई। इमरजेंसी वार्ड के गेट के ठीक नजदीक बने सीवरेज चैंबर कैबिन में यह लाश न जाने कब से पड़ीथी। चैंबर से तेज बदबू आने लगी तब अस्पतालकर्मियों का इस ओर ध्यान गया। जिस शख्स की मौत हुई है वह कौन था, कैसे इस कैबिन तक पहुंचा, यह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है।

सुबह करीब 10 बजे चरक भवन के इमरजेंसी वार्ड के गेट के नजदीक तेज बदबू आने के बाद अस्पतालकर्मियों ने सीवरेज लाइन के लिए बनाए गए कैबिन में देखा। यहां कचरे के ढेर के बीच लाश पड़ी थी। सडऩ की वजह से लाश से बदबू आ रही थी। उक्त शख्स ने टी-शर्ट पहनी हुई है। सूचना पर कोतवाली पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और लाश को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम रूम तक पहुंचवाया। फिलहाल शिनाख्त नहीं हुई।
गाड़ी टकराने की बात पर विवाद, चाकू चले
उज्जैन। नीलगंगा थाना क्षेत्र के अक्षय नगर में बुधवार रात चार बदमाशों ने गाड़ी टकराने के मामूली विवाद के बाद चाकूबाजी की घटना को अंजाम दे दिया। दो युवकों को चाकू से जख्मी होने के बाद जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। घायलों के नाम सचिन पिता ओमप्रकाश बारोठ (28) निवासी संतराम सिंधी कॉलोनी और विशाल पिता अरविंद सिंह (29) निवासी राजेंद्रनगर हैं।
इनके दोस्त दर्शन कुशवाह निवासी संतराम सिंधी कॉलोनी ने पुलिस को बताया कि दोनों ही दोस्त नानाखेड़ा होते हुए केटीएम शोरूम के पास पहुंचे थे। यहां पीछे से अर्टिगा में सवार होकर पहुंचे चार अज्ञात बदमाशों ने सचिन और विशाल के साथ मारपीट शुरू कर दी और चाकू से हमला करने के बाद भाग निकले। नानाखेड़ा पर इनके बीच गाड़ी टकराने का मामूली विवाद हुआ था। हुलिये और क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज के जरिए पुलिस आरोपियों की पहचान के प्रयास कर रही है।









