चौड़ीकरण: काम तेजी से करें, गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखें- संभागायुक्त आशीष सिंह

सिंहस्थ का काम देखने निकले अफसर

उज्जैन। मास्टर प्लान के तहत शहर में चल रहे चौड़ीकरण काम का मुआयना करने निकले संभागायुक्त आशीषसिंह ने निर्माण कंपनियों के जिम्मेदारों से कहा कि काम तेजी से करें और गुणवत्ता का खास ध्यान रखें।
रविवार को सिंह निगमायुक्त अभिलाष मिश्रा के साथ खजूर वाली मस्जिद केडी गेट,जूना सोमवारिया मार्ग के चौड़ीकरण काम का मुआयना करने निकले थे। उन्होंने संबंधित ठेकेदार एवं अधिकारियों से कहा कि नाली निर्माण कार्य की गति काफी धीमी है। यह काम तेजी से करें, क्योंकि गंदा पानी सड़क पर फैलने से लोगों को परेशानी होती है। उन्होंने नाली निर्माण कार्य में प्री स्टेट क्वालिटी तकनीकी अपनाने का सुझाव दिया।
वीडी क्लॉथ मार्केट- तेलीवाड़ा चौड़ीकरण कार्य का मुआयना करते हुए संभागायुक्त ने कहा कि डीएलसी सड़क के ऊपर टाटा सीवरेज लाइन का कार्य शीघ्र पूर्ण करें, विद्युत पोल, ट्रांसफार्मर एवं विद्युत सप्लाई का कार्य भी तेजी से करें। रात्रिकालीन शिफ्ट में सड़क निर्माण में पीक्यूसी का कार्य करने के निर्देश दिए।
कोयला फाटक- तेलीवाड़ा चौड़ीकरण कार्य के निरीक्षण के दौरान संभागायुक्त ने कहा कि सड़क निर्माण में डीएलसी कार्य हो चुका है तो पीक्यूसी कार्य शीघ्र आरंभ करें। प्रगतिरत नाली निर्माण का कार्य पूर्ण करें।









