ट्रक ने स्कूटी सवार को कुचला, 50 मीटर तक घसीटा, मौके पर मौत

जबलपुर-दमोह रोड पर बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में तेज रफ्तार ट्रक ने स्कूटी सवार युवक को कुचल दिया। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद गुस्साए स्थानीय लोगों ने ट्रक का पीछा कर उसे रोक लिया और पुलिस को सूचना दी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 10 बजे दमोह से जबलपुर की ओर जा रहे ट्रक (MP09 HH 3760) ने पाटन नगर स्थित स्टेट बैंक के पास सामने से आ रहे स्कूटी सवार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक ट्रक के पिछले पहिए में फंस गया और करीब 50 मीटर तक घसीटता रहा, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक को जब्त कर चालक को हिरासत में ले लिया है। मामले की जांच की जा रही है।
पहचान की कोशिश जारी
पुलिस के अनुसार मृतक युवक की पहचान अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। दस्तावेजों के आधार पर वह सिवनी जिले का निवासी बताया जा रहा है, जबकि उसकी स्कूटी (MP 49 ZG 9251) नरसिंहपुर जिले में रजिस्टर्ड है। प्रारंभिक तौर पर उसका नाम राम सिंह बताया जा रहा है। परिजनों से संपर्क करने का प्रयास किया जा रहा है, लेकिन अब तक पुष्टि नहीं हो सकी है।
स्थानीय लोगों ने उठाई मांग
हादसे के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश है। उनका कहना है कि पाटन के इस तिराहे पर स्पीड ब्रेकर नहीं होने के कारण वाहन तेज रफ्तार से गुजरते हैं, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। लोगों ने कई बार यहां स्पीड ब्रेकर बनाने की मांग की, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है।





