नपती और नकल की शिकायत पहुंची

जिला पंचायत सीईओ कुमट ने की जनसुनवाई

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। मंगलवार को प्रशासनिक संकुल भवन के सभाकक्ष में जनसुनवाई कर रहे जिला पंचायत सीईओ श्रेयांस कुमट के सामने नपती नकल और भरण पोषण की शिकायत पहुंची। उन्होंने संबंधित अफसरों को कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
केस-1: बाढ़कुम्मेद निवासी मुकेश कुमार जैन ने बताया ग्राम दुदरसी स्थित उनकी कृषि भूमि के समीप दूसरी भूमि का सीमांकन गलत तरीके से किया जा रहा है। इसमें नपती भी उचित तरीके से नहीं की जा रही है। तहसीलदार उज्जैन ग्रामीण को कार्रवाई के लिए निर्देशित किया गया।
केस-2: माकड़ौन निवासी चंद्रशेखर दवे ने बताया माकड़ौन की नकल शाखा से जमीन के कागजों की नकल देने का आवेदन किया गया था। लेकिन आज तक नकल नहीं दी। इस पर तहसीलदार माकड़ौन को तत्काल नकल प्रदान करने के निर्देश दिए गए।
केस-3: उज्जैन निवासी लक्ष्मीनारायण चौहान ने बेटे और बहू द्वारा घर से निकाल देने और मकान पर जबरन कब्जा करने की शिकायत की। इस पर एसडीएम उज्जैन शहर को भरण पोषण अधिनियम के अंतर्गत कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
केस-4: ग्राम गावड़ी तहसील तराना की चंदाबाई ने उनकी फसल दबंग लोगों द्वारा बल पूर्वक काटने की शिकायत की। इस पर एसडीएम तराना को कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
केस-5: तहसील महिदपुर के ग्राम दुबली निवासी लकवाग्रस्त रमेश परमार ने आर्थिक मदद मांगी। सीईओ जनपद पंचायत महिदपुर को कार्रवाई के निर्देश दिए।
केस-6: उज्जैन के कमल कुमार ने पीएचई की फूटी पाइप लाइन के कारण घर के सामने हो रही गंदगी की शिकायत की। इस पर निगमायुक्त को शीघ्र कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
केस-7: उज्जैन की सुनीता शर्मा ने पति की असमय मृत्यु होने पर होम लोन का बीमा होने के बावजूद लोन की रिकवरी करने की शिकायत की। इस पर एलडीएम उज्जैन को कार्रवाई के निर्देश दिए गए।









