निगमायुक्त ने कहा- लाइन लीकेज तुरंत ठीक करें, टंकी प्रभारी सप्लाई की मॉनिटरिंग करें

कम दबाव से जल सप्लाई पर एक्शन में आए निगमायुक्त

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। शहर में (खासकर उज्जैन उत्तर विधानसभा) के इलाकों में कम दबाव से हो रही जल सप्लाई पर निगमायुक्त अभिलाष मिश्रा ने एक्शन लिया है। उन्होंने पीएचई के जिम्मेदारों को दो टूक कहा है कि टंकी प्रभारी रात के समय इस बात की मॉनिटरिंग करें कि टंकियां पूरी तरह भर रही हैं या नहीं। अगर लीकेज है तो उसे ठीक करवाएं।
दरअसल रविवार को देवासगेट की पानी टंकी नहीं भरने के कारण इस टंकी से जुड़े इलाकों में जल सप्लाई बुरी तरह प्रभावित हुई थी। निगमायुक्त अभिलाष मिश्रा और अपर आयुक्त पवनसिंह खुद देवासगेट स्थित कंट्रोलरूम पहुंचे थे। आयुक्त ने खुद कागजों में टंकियों का सप्लाई लेवल चैक किया था। रजिस्टर की जांच में भेरूगढ़, इंदिरानगर, क्षीरसागर की टंकी का लेवल ठीक और देवासगेट टंकी का कम मिला था। इस वजह से ही इस टंकी से जुड़े इलाकों में पानी की किल्लत हो गई थी। गौरतलब है कि शहर में गंभीर और गऊघाट यंत्रालय के माध्यम से जलसप्लाई किया जाता है। इसके लिए अलग-अलग इलाकों में स्थित ४४ पानी की टंकियों को रोजाना भरा जाता है। कम प्रेशर होने पर कई मर्तबा टंकियां पूरी तरह नहीं भरती हैं और ऐसे में सप्लाई ठीक से नहीं होती है।
यह निर्देश दिए
1- नागरिकों को पेयजल सप्लाई में किसी तरह की दिक्कत नहीं आनी चाहिए।
2- चौड़ीकरण वाले इलाकों में पीएचई के अफसर खुद जल सप्लाई की मॉनिटरिंग करें। यदि लीकेज संबंधी परेशानी है तो उसे तत्काल ठीक करवाएं।
3- टंकी प्रभारी रात की शिफ्ट में यह मॉनिटरिंग करें कि टंकियां पूरी तरह भरा रही हैं या नहीं।









