महाकाल मंदिर के पास खुदाई मेें प्राचीन शिवलिंग निकला

महाराजवाड़ा के सामने अंडरपास की खुदाई के दौरान सुबह 4 बजे की घटना

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। श्री महाकालेश्वर मंदिर के पास चल रही अंडरपास की खुदाई के दौरान करीब 200 फीट नीचे से प्राचीन शिवलिंग निकला है। शुक्रवार सुबह 4 बजे खुदाई कर रहे मशीन ऑपरेटर ने शिवलिंग देखा तो तुरंत मंदिर के पुजारियों और समिति को इसकी सूचना दी।
महाकाल मंदिर के पास महाराजवाड़ा के सामने (पुराना महाकाल थाना भवन के नीचे) इन दिनों अंडरपास बनाने का काम चल रहा है। इसके लिए मशीनों से खुदाई की जा रही है। शुक्रवार सुबह मशीन ऑपरेशन नरेश प्रजापति ने यहां पर खुदाई के दौरान एक प्राचीन शिवलिंग देखा। उन्होंने खुदाई बंद कर तुरंत इसकी सूचना सुपरवाइजर को और फिर मंदिर समिति व पुजारियों को दी गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुजारीगण मौके पर पहुंचे और शिवलिंग का अभिषेक कर पूजन किया। शिवलिंग को फिलहाल वहीं स्थान दिया गया है, बाद में उसे अन्य जगह पर स्थापित किया जाएगा।
अतिप्राचीन है शिवलिंग
पं. अक्षय व्यास ने शिवलिंग देखने के बाद बताया कि बनावट से स्पष्ट है कि शिवलिंग अतिप्राचीन है। यह क्षेत्र महाकाल वन के नाम से जाना जाता है। एक समय यहां दूर-दूर असंख्य शिव मंदिर थे। प्राचीन मंदिर धीरे-धीरे लुप्त होते गए और शहर बसता गया। पं. व्यास ने बताया कि इस तरह का शिवलिंग पुराने समय में बनते थे। अगर पुरातत्व विभाग इसकी जांच करे तो यह हजारों साल पुराना निकलेगा।
View this post on Instagram









