इंदौर के चंदन नगर में चाकूबाजी

इंदौर।चंदन नगर क्षेत्र में शनिवार देर रात आपसी विवाद के दौरान चाकूबाजी की घटना सामने आई। क्रिकेट खेलने को लेकर हुए मामूली विवाद ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया, जिसमें एक युवक घायल हो गया।

क्रिकेट को लेकर शुरू हुआ विवाद
पुलिस के अनुसार, चंदूवाला रोड पर कुछ युवक क्रिकेट खेल रहे थे। इसी दौरान सोहेल और फरहान के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई, जो बढ़ते-बढ़ते मारपीट में बदल गई। विवाद इतना बढ़ा कि सोहेल ने फरहान पर चाकू से हमला कर दिया।
पुलिस मौके पर पहुंची, गाड़ी रास्ते में फंसी
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी तिलक करोले पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। हालांकि, इलाके में चल रहे पाइपलाइन कार्य के कारण सड़कें खुदी होने से पुलिस वाहन रास्ते में फंस गया। इसके बावजूद पुलिस टीम पैदल मौके पर पहुंची और भीड़ को नियंत्रित किया।
घायल युवक का इलाज जारी
घायल फरहान को तुरंत अस्पताल भेजा गया। उसकी शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी सोहेल के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है।
थाने पर जुटी भीड़, पुलिस ने संभाला हालात
घटना के बाद बड़ी संख्या में लोग थाने पहुंच गए, जिससे वहां तनाव की स्थिति बन गई। पुलिस ने समझाइश देकर भीड़ को शांत कराया और स्थिति को नियंत्रित किया।
अन्य एंगल से इनकार
स्थानीय स्तर पर विवाद को लेकर अलग-अलग चर्चाएं सामने आईं, लेकिन पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मामला सिर्फ आपसी झगड़े का है और किसी अन्य एंगल की पुष्टि नहीं हुई है।









