कचरे ने खुद बताया अपना पता

दस्तावेजों के जरिए निगमकर्मी पहुंचे गंदगी फैलाने वाले के घर

कोरियर कंपनी पर 5000 का जुर्माना
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। स्वच्छ भारत मिशन और स्वच्छता सर्वेक्षण की तैयारी में जुटी नगर निगम ने कचरा फेंकने वालों के खिलाफ सर्जिकल स्ट्राइक शुरू कर दी है। बुधवार को एक अनूठे मामले में कचरे के ढेर में मिले दस्तावेजों के आधार पर निगम की टीम सीधे आरोपी के घर पहुँची और भारी जुर्माना वसूल किया।
बुधवार सुबह निरीक्षण के दौरान नगर निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा वार्ड 43 पहुँचे। यहाँ खुले में कचरे का बड़ा ढेर देख उन्होंने नाराजगी व्यक्त की और सफाई मित्रों को कचरे की बारीकी से जांच करने के निर्देश दिए। आयुक्त का मानना था कि कचरा फेंकने वाले की पहचान कर उन पर सख्त कार्रवाई की जाए ताकि शहर में अनुशासन बना रहे।
सफाई मित्रों ने जब कचरे की जांच की, तो उसमें से कुछ निजी दस्तावेज और हॉस्पिटल की जांच रिपोर्ट मिलीं। इन कागजों के आधार पर यह पुख्ता हो गया कि यह कचरा लक्ष्मी नगर स्थित एक कोरियर कंपनी के संचालक द्वारा फेंका गया था।
लगाया जुर्माना
स्वास्थ्य अधिकारी आनंद विजय सिंह राठौर एवं स्वास्थ्य निरीक्षक इदरीस खान तत्काल पते पर पहुंचे। साक्ष्यों के आधार पर कोरियर कंपनी संचालक पर 5000 रुपए का जुर्माना किया। इसके अलावा, अन्य नागरिकों द्वारा खुले में कचरा फेंकने पर भी 500-500 रुपए के चालान काटे गए। आयुक्त ने समस्त स्वास्थ्य अधिकारियों, निरीक्षकों और दरोगाओं को निर्देशित किया है कि खुले में कचरा फेंकना या कचरा वाहनों में मिक्स कचरा देना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। गंदगी फैलाने वालों पर तत्काल चालानी कार्रवाई की जाए।
गीला-सूखा कचरा अलग-अलग देने पर नागरिकों की सराहना की
निगम आयुक्त ने वार्ड 43 में सफाई व्यवस्था निरीक्षण के दौरान नागरिकों द्वारा घर से निकलने वाला गीला एवं सूखा कचरा अलग-अलग देने पर वार्ड के नागरिकों का धन्यवाद एवं आभार ज्ञापित किया। उन्होंने अशोकनगर, वाल्मीकि नगर, लक्ष्मी नगर, वल्लभनगर, देसाई नगर, मक्सी रोड ब्रिज आईटीआई मार्ग सहित संपूर्ण वार्ड का निरीक्षण किया गया।









