बाइक से आए वाहन चोर, लॉक तोड़ा और ले गए मोटरसाइकिल

1.38 मिनट में दिया वारदात को अंजाम

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। शहर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में बाइक चोरी की वारदात लगातार बढ़ रही है। गुरुवार सुबह चिमनगंज क्षेत्र की कमल कॉलोनी से दो चोर महज डेढ़ मिनट में बाइक चोरी कर रफूचक्कर हो गए। मामले में फरियादी ने चिमनगंज थाना पुलिस को शिकायत की है। इसका सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है।
दरअसल, बड़ौद के रहने पवन दायमा अपने साढ़ू भाई की स्प्लेंडर बाइक क्र. एमपी ७० जेडडी 9630 लेकर बुधवार को उज्जैन आए थे। वे कमल कॉलोनी निवासी परिचित ईश्वरलाल से मिलने पहुंचे थे। यहां उन्होंने बाइक गली में खड़ी की और रात को वहीं सो गए। गुरुवार सुबह जब वे जागे तो बाइक नदारद थी। यह देख उनके होश उड़ गए। उन्होंने आसपास तलाश किया, पड़ोसियों से पूछा लेकिन कुछ पता नहीं चल सका। इसके बाद आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की तो उसमें दो चोर बाइक ले जाते नजर आया। इसके बाद पवन रिश्तेदार ईश्वरलाल के साथ चिमनगंज थाने पहुंचा और पुलिस को सीसीटीवी फुटेज दिखाते हुए शिकायत की।
यह नजर आया फुटेज में
गुरुवार सुबह करीब 6.45 बजे दो युवक बाइक से आए। उन्होंने आसपास देखा, कुछ लोग गुजरते दिखते तो खड़े रहे, इसके बाद बाइक का हैंडल लॉक तोड़ा और दोनों अलग-अलग बाइक पर रफूचक्कर हो गए। इस वारदात को अंजाम देने में उन्हें महज 1 मिनट 38 सेकंड का वक्त लगा।









