रंजिश में रास्ता रोककर चाकू से ताबड़तोड़ हमला, चार घायल

दोनों पक्षों की रिपोर्ट पर नीलगंगा पुलिस ने की क्रॉस कायमी
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। रंजिश के चलते सोमवार रात जयसिंहपुरा में हुए विवाद में चाकूबाजी हो गई जिसमें चार लोग घायल हो गए। मामले में नीलगंगा पुलिस ने दोनों पक्षों की रिपोर्ट पर क्रॉस कायमी की है।
घायलों के नाम अभिषेक पिता राजेश (19) भीमाखेड़ा, महिदपुर हालमुकाम जयसिंहपुरा, तरुण पिता गोवर्धनलाल निवासी जयसिंहपुरा और जतिन निवासी जयसिंहपुरा हैं। जानकारी के अनुसार अभिषेक का डेढ़ माह से दीपक नामक युवक से विवाद चल रहा है। इसी के चलते दीपक पिछले कुछ दिनों से अभिषेक से फोन पर गाली-गलौज कर रहा था।
सोमवार दोपहर दीपक ने अभिषेक को मिलने के लिए बुलाया। बातचीत के बाद दोनों समझाइश के बाद चले गए। रात करीब 10.30 बजे अभिषेक, तरुण क्षेत्र में टहल रहे थे तभी दीपक अपने साथी सुजीत, राज एवं अन्य 7-8 साथियों के साथ आया और उनका रास्ता रोककर गाली-गलौच करते हुए जमकर मारपीट की। यह देख जतिन बीच बचाव करने पहुंचा तो उसके साथ भी मारपीट की। विवाद में अभिषेक को पीठ और पैर पर चाकू के तीन वार लगे हैं, जबकि दीपक भी घायल हुआ। घायलों को चरक अस्पताल में भर्ती करवाया है।
सीने पर मारा चाकू, झुके तो सिर में लगा
इधर, तराना क्षेत्र के ग्राम कनासिया में भी चाकूबाजी हो गई। दरसअल, यहां रहने वाले कैलाश पिता रामचरण (42) का गांव के ही सदानंद की आधा बीघा जमीन पर राजी मर्जी से कब्जा था। सदानंद ने 15 दिन पहले अपनी जमीन की नप्ती करवाई। नप्ती में कब्जे वाली जमीन सदानंद की निकली जो उसे कैलाश ने वापस दे दी। सोमवार शाम को कैलाश गांव में हो रही कथा का सामान लेने तराना गया था। वहां से लौटते वक्त सदानंद ने उसका रास्ता रोका और विवाद करते हुए चाकू से उसके सीने पर वार किया लेकिन कैलाश झुक गया जिससे चाकू उसे सिर में लगा। हालांकि, घाव गहरा नहीं था। इसके बाद घायल को चरक अस्पताल लेकर पहुंचे लेकिन बाद में उसे निजी अस्पताल ले गए।









